22 दिसंबर को वायरल वीडियो में कहा था, मैं और माल्या भारत के सबसे बड़े भगोड़े
Lalit Modi, (आज समाज), नई दिल्ली: ललित मोदी ने 22 दिसंबर के वायरल वीडियो पर माफी मांगी है। सोमवार को एक्स पोस्ट में ललित मोदी ने लिखाए मेरे बयान से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हों, खासकर भारत सरकार की, तो मैं इसके लिए माफी चाहता हूं। बयान का आशय वैसा नहीं था, जैसा उसे समझा गया। किसी भी गलतफहमी के लिए फिर से माफी मांगता हूं।
आपको बता दें कि ललित मोदी के एक्स अकाउंट पर 22 दिसंबर को वीडियो अपलोड किया गया था। इसमें वो भगोड़े विजय माल्या के साथ नजर आया था। वीडियो में ललित ने खुद को और माल्या को भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े कहा था। वीडियो में माल्या अपनी पार्टनर पिंकी लालवानी के साथ मुस्कुराते नजर आए थे।
भारत में आर्थिक अपराधी घोषित हैं दोनों
माल्या 2016 से ब्रिटेन में है और 2019 में उसे आधिकारिक तौर पर भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। वहीं, ललित मोदी 2010 से विदेश में रह रहा है और उस पर टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और आईपीएल से जुड़े गंभीर आरोप हैं।
वीडियो माल्या के जन्मदिन का था
22 दिसंबर को विजय माल्या और ललित मोदी का वीडियो वायरल हुआ। इसमें ललित मोदी खुद और माल्या को भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े कह रहा है। वीडियो माल्या के जन्मदिन का था। इसे ललित मोदी ने खुद पोस्ट किया था। लिखा था- चलो, फिर से इंटरनेट हिला देता हूं। खासकर आप मीडिया वालों के लिए। जलन के साथ देखते रहिए।
आईपीएल में करप्शन के लगे आरोप
ललित मोदी 2005 से 2009 तक राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष था। 2008 में उसने आईपीएल शुरू किया। बीसीसीआई ने उसे आईपीएल का अध्यक्ष और कमिश्नर बनाया। 2010 में ललित पर आईपीएल में करप्शन के आरोप लगे।
125 करोड़ रुपए कमीशन लेने का आरोप
ललित ने मॉरीशस की कंपनी वर्ल्ड स्पोर्ट्स को आईपीएल का 425 करोड़ का ठेका दिया था। मोदी पर 125 करोड़ रुपए कमीशन लेने के आरोप लगे। ये भी कहा गया कि उसने दो नई टीमों की नीलामी के दौरान गलत तरीके अपनाए।
2010 में अंडरवर्ल्ड से धमकियों का हवाला देते हुए लंदन भाग गया ललित मोदी
2010 में बीसीसीआई ने आईपीएल के तीसरे सीजन के फाइनल के तुरंत बाद ललित को सस्पेंड कर दिया। 2010 में ही अंडरवर्ल्ड से धमकियों का हवाला देते हुए ललित मोदी भारत से भाग कर लंदन चला गया। ईडी ने उसके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया। उसका पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: पूरे देश से घुसपैठिए भगाएंगे: अमित शाह


