Lalit Modi: मैं भाग नहीं रहा, दुनिया घूम रहा हूं: ललित मोदी

0
38
Lalit Modi: मैं भाग नहीं रहा, दुनिया घूम रहा हूं: ललित मोदी
Lalit Modi: मैं भाग नहीं रहा, दुनिया घूम रहा हूं: ललित मोदी

कहा- मेरे लिए भगोड़े शब्द का इस्तेमाल मीडिया की तरफ से किया गया, मेरे खिलाफ कोई केस नहीं
Lalit Mod, (आज समाज), नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाउंडर रहे ललित मोदी ने कहा, वह कहीं भाग नहीं रहे हैं, बल्कि दुनिया घूम रहे हैं। मेरे लिए भगोड़े शब्द का इस्तेमाल मीडिया की तरफ से किया गया। मेरे खिलाफ आज तक कोई केस नहीं है। न्यूज एजेंसी एएनआई को गुरुवार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, अगर मैं भाग रहा होता, तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ ही लेते। भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है।

आप भारत सरकार से पंगा नहीं ले सकते। और मेरा ऐसा कोई इरादा भी नहीं है। ललित मोदी ने यह भी कहा है कि उन्होंने ऐसे लोगों को नाराज कर दिया जो चाहे सत्ता में रहें या विपक्ष में लेकिन वे प्रभावशाली हैं। ललित मोदी ने राहुल गांधी का नाम लेकर कहा कि वह हमेशा उनके बारे में बोलते हैं। भारत लौटने के सवाल पर ललित मोदी ने कहा है कि एक समय पर वह लौटना चाहते थे लेकिन अब लौटकर वह क्या करें?

भारत में न्याय मिलता है लेकिन बहुत समय लगता है

अपने परिवार के बारे में ललित मोदी ने कहा है, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरे पिता ने एक बड़ी कंपनी बनाई लेकिन अब मामला अदालत में है। हम तीन बच्चे हैं, हमारी मां हैं लेकिन अब मैं और मेरी मां आंख तक नहीं मिलाते। अगर वह एक ट्रस्ट एग्रीमेंट पर साइन कर दें तो कल सुबह हमारे पास एक समाधान आ जाएगा। भारत में न्याय मिलता है लेकिन बहुत समय लगता है। इससे आपकी जिंदगी पर असर पड़ता है।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

ललित मोदी ने कहा, कांग्रेस सरकार मेरे खिलाफ थी। आप देखिए संसद में राहुल गांधी हर बार संसद में मुझ पर हमला करते हैं। क्रिकेट बहुत बड़ा है और इसने मुझे लाइमलाइट में रखा। इसलिए मैं अंबानी और अडाणी से अलग हूं। जनता मेरे खिलाफ हो गई। मैं किसी से नाराज नहीं हूं, मीडिया से भी नाराज नहीं हूं।

बीजेपी और कांग्रेस सरकार पर बात करते हुए ललित मोदी ने कहा, सब सच जानते हैं, मैं सच जानता हूं, मेरे दोस्त सच जानते हैं। अगर 17 साल में मेरा नाम क्लियर नहीं हुआ तो अब मुझे इसकी चिंता नहीं है। मैं चिदंबरम या राहुल गांधी के बारे में चिंता नहीं करता।

चिदंबरम ने मुझे धमकी दी

यह पूरा मामला शुरू ही इसलिए हुआ क्योंकि मैं आईपीएल को साउथ अफ्रीका लेकर गया। मेरी तो हर सरकार से दोस्ती थी। चिदंबरम ने मुझे इसी को लेकर धमकी दी। बीजेपी शासित राज्य ने मुझे मैच कराने की अनुमति दे दी लेकिन कांग्रेस ने नहीं दी। हमने 154 बार शेड्यूल बदला और उसके बाद साउथ अफ्रीका लेकर गया। आईपीएल वहां भी सफल रहा। मैं वापस आया तो शशि थरूर वाला कांड हुआ और मैं सबके निशाने पर आ गया।

सोनिया गांधी शशि थरूर का साथ दे रही थीं

शशि थरूर का साथ कौन दे रहा था? इस सवाल पर ललित मोदी ने कहा, सोनिया गांधी शशि थरूर का साथ दे रही थीं। मुझे अहमद पटेल का फोन आया, प्रणव मुखर्जी का फोन आया। राजीव शुक्ला मेरे पास आया और बोला कि चलो अहमद पटेल आ रहा है। फिर भी मैंने साइन नहीं किए। बेंगलुरु में एक मीटिंग हुई लेकिन सुनंदा पु्ष्कर उसमें नहीं थीं।

मुझे नहीं पता था कि वह कौन हैं? फिर मुझे शशि थरूर का फोन आया। शशि थरूर ने मुझसे कहा कि सुनंदा पुष्कर के बारे में मत पूछो, अगर तुम पूछोगे तो सुबह मैं तुम पर रेड करवा दूंगा। मैंने कहा कि तुम होते कौन हो मुझसे यह कहने वाले? फिर मुझे शशांक मनोहर का फोन आया और उन्होंने मुझसे कहा कि तुम्हें साइन करना ही होगा। मैं शशांक मनोहर के नीचे था इसलिए मुझे साइन करना पड़ा।

ये भी पढ़ें: ईरान से समझौते की कोई गारंटी नहीं : ट्रंप