देव वाटिका के रहने वाले पारस उर्फ दीक्षित ने हिसार के कैंप चौक पर खोला रखा था होटल
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार में एक होटल संचालक की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। बदमाशों ने तेजधार हथियारों से वार कर होटल संचालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। होटल संचालक को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 12 क्वार्टर में देव वाटिका के रहने वाले पारस उर्फ दीक्षित (25) के रूप में हुई है।
वह हिसार के कैंप चौक पर होटल चलाता था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
होटल में 3 हिस्सेदार, शाम को पारस संभालता था होटल
परिवार के मुताबिक पारस ने कई साल पहले हिसार के कैंप चौक पर होटल खोला था। होटल के 3 पार्टनर हैं। शाम के समय पारस ही होटल में होता था। वह काउंटर से लेकर पूरी मैनेजमेंट का काम संभालता था।
परिजन बोले- हत्यारों को होनी चाहिए फांसी
मंगलवार रात को भी पारस होटल पर था। उसी दौरान कुछ लोग आकर उससे मारपीट करने लग गए। वह बचने के लिए बाहर की तरफ भाग गया। आरोपी उसका पीछा करते हुए बाहर आ गए और उस पर तेजधार हथियार से वार करना शुरू कर दिया। परिवार का कहना है कि पारस मिलनसार था और उसका किसी से झगड़ा नहीं था। हत्यारों को फांसी की सजा होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : हिसार में प्रिंसिपल की हत्या के विरोध में आज सभी निजी स्कूल रहेंगे बंद