North-India Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: पूर्वाेत्तर और दक्षिण भारत में जहां मानसून ठहर सा गया है, वहीं उत्तर भारत के लोगों को अभी गर्मी सताएगी। हरियाणा व पंजाब में अचानक गर्मी बढ़ गई है। साथ ही उमस लोगों के लिए परेशानी बढ़ा रही है। वहीं पंजाब में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा : सिरसा में पारा 44 डिग्री, पंजाब में लू का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार हरियाणा का सिरसा शहर शनिवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी भागों में तापमान 41-44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार पंजाब में सोमवार यानी 9 जून से लू चलने का अलर्ट है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार राज्य में तापमान अब भी सामान्य से 1.9 डिग्री कम है।

हिमाचल 4 दिन साफ रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में 4 दिन मौसम साफ रहेगा, जिससे राज्य के मैदानी भागों में गर्मी बढ़ेगी। राज्य के कुछ इलाकों में तापमान पहले ही 35 डिग्री को पार हो गया है। ऊना में शनिवार को सर्वाधिक तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून तक पूरे सूबे में मौसम साफ रहेगा। इस वजह से ऊंचाई वाले क्षेत्रों के तापमान में 3-4 डिग्री तक वृद्धि का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में 10 जून के बाद दस्तक देगा मानूसन

मध्यप्रदेश में आंधी, बारिश व गरज-चमक के बीच लू भी चलने का अनुमान है। राज्य में 10 जून के बाद मानसून के दस्तक देने की संभावना है। सोमवार और मंगलवार को एमपी के ग्वालियर-चंबल में हीट वेव चल सकती है। शनिवार को इंदौर व आसपास के इलाकों में बारिश हुई। वहीं, 13 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। बिहार के अधिकांश इलाकों में फिलहाल मौसम के सामान्य रहने का अनुमान है। 10 जून तक इस दौरान किसी जिले में भारी बारिश की संभावना नहीं है।

छत्तीसगढ़ : 6 दिन से नहीं हुई बारिश

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पिछले छह दिन से बारिश नहीं हुई जिससे साफ है कि मानसून की रफ्तार राज्य में कमजोर पड़ गई है। गर्मी और उमस लोगों के लिए आफत बने हुए हैं। राजधानी रायपुर व अन्य कुछ जगह दिन का तापमान लगातार 40-44 डिग्री के बीच बरकरार है। दंतेवाड़ा, बीजापुर व सुकमा सहित कुछ जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें : Sikkim Landslides: चाटन में फंसे 28 लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला