सदर थाना जींद में होमगार्ड के पद पर तैनात था गांव तलौढा का अनिल
Jind News (आज समाज) जींद: हरियाणा के जींद में कुएं पर पानी लेने गए होमगार्ड जवान का पैर फिसल गया। पैर फिसलने के कारण जवान कुएं में गिर गया, जिस कारण पानी में डूबने से होमगार्ड के जवान की मौत हो गई। घटना जींद जिले के गांव तलौढा की है। मृतक अनिल सदर थाना जींद में होमगार्ड के पद पर तैनात था। सोमवार को वह ड्यूटी से छुट्टी पर था। गांव में ही पीने के पानी का कुआं बना हुआ है।

दोपहर बाद ढाई बजे के करीब वह कुएं पर पानी पीने लगा, तो उसका पैर स्लिप हो गया और वह कुएं में जा गिरा। आसपास के लोगों को पता चला तो उन्होंने तुंरत पुलिस को सूचना दी। गोताखोर बबली को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब दो घंटे बाद अनिल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सदर थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

150 फीट गहरा है कुआं

गोताखोर बबली ने बताया कि कुएं की गहराई 150 फीट के करीब है। कुआं के अंदर का पानी साफ है और ग्रामीण इसे पीने के लिए भी प्रयोग कर रहे हैं। अगर कुआं खराब होता, तो अंदर गैस बनी हो सकती थी और इससे कुएं में उतरने वालों के लिए भी खतरा हो सकता था। ग्रामीणों के अनुसार हादसा पैर फिसलने से हुआ है। अनिल अविवाहित था। सदर थाना पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

यह भी पढ़ें : आज हरियाणा के 12 जिलों में चलेंगी लू