CJI Surya Kant, (आज समाज), हिसार : हरियाणा की धरती के लिए आज ऐतिहासिक दिन है, पहली बार हरियाणा से चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) नियुक्त किये गए। मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले से संबंध रखने वाले जस्टिस सूर्यकांत ने देश के 53वें CJI की शपथ ली, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने CJI को शपथ दिलाई। जस्टिस सूर्यकांत के CJI के रूप में शपथ लेने के बाद हिसार जिले के पेडवाड़ गांव में जश्न का माहौल है। गांव के लोगों ने मिठाई बांटकर कौर ढोल पर नाच कर खुशियां मनाई।
हरियाणा के लिए गर्व का पल
गौरतलब है कि मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले के पेटवाड़ गांव निवासी सूर्यकांत ने आज देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। आज पूरे हरियाणा के लिए गर्व का पल है। सूर्यकांत हरियाणा के पहले व्यक्ति हैं जो देश के मुख्य न्यायाधीश बने हैं। हिसार में खुशी की लहर है, हिसार न्यायालय में भी वकीलों ने लड्डू बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।
हवन का आयोजन किया गया और साथ ही मेडिकल कैंप लगाया
हिसार के एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल जानकारी देते हुए बताया कि शहर के आज दिन बेहद ख़ास है, आज का ये दिन हिसार वासियों के लिए दिवाली के जश्न जैसा है। जस्टिस सूर्यकांत के मुख्य न्यायाधीश बनने की ख़ुशी में कार्यालय में हवन का आयोजन किया गया और साथ ही मेडिकल कैंप लगाया गया। उन्होंने ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि लाला लाजपत राय का नाम भी हिसार बार एसोसिएशन से जुड़ा था और अब उसमें और चार चांद लग गए हैं। आज का दिन देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।
38 वर्ष की आयु में हरियाणा के एडवोकेट जनरल बने थे
उल्लेखनीय है कि सूर्यकांत 38 वर्ष की आयु में हरियाणा के एडवोकेट जनरल बने थे और अब हरियाणा के इतिहास में सूर्यकांत पहले व्यक्ति है जो CJI के पद पर पहुंचे हैं। आज हिसार ही नहीं पूरे हरियाणा के लिए बेहद गर्व और उत्साह का दिन है।