Bangladesh Violence : बांग्लादेश में हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या

0
202
Bangladesh Violence : बांग्लादेश में हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या
Bangladesh Violence : बांग्लादेश में हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या

युवक का ऑटो लेकर फरार हो गए आरोपी, अब तक आठ हिंदुओं की हो चुकी हत्या

Bangladesh Violence (आज समाज), ढाका : दिसंबर 2025 से बांग्लादेश में फैली अशांति और राजनीतिक उठापटक के बीच हिंदू लोगों पर हो रहे अत्याचार में किसी भी तरह की कमी आती दिखाई नहीं दे रही। जब से बांग्लादेश में हिंसा का दौर शुरू हुआ है तभी से वहां पर रह रहे हिंदुओं पर वहां के स्थानीय लोगों के हमले लगातार जारी हैं। इस बीच करीब 25 दिन में आठ हिंदू लोगों की हत्या कर दी गई है। ताजा घटनाक्रम में फेंगुआ के दागनभुआ में समीर दास (28) को पीट-पीटकर मार डाला गया। आरोपी उसका आॅटो लूटकर फरार हो गए। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है। पिछले 25 दिन में बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या का यह आठवीं वारदात है।

रविवार रात से लापता था समीर

पुलिस के मुताबिक, समीर दागनभुआ के मातुभुइया संघ के रामानंदपुर गांव का रहने वाला था और लंबे समय से बैटरी आॅटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। परिजनों ने बताया कि रविवार रात जब समीर समय पर घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में पुलिस को सूचित किया गया। रात करीब दो बजे लोगों ने दक्षिण करीमपुर मुहुरी बाड़ी के पास समीर का लहूलुहान शव देखा। पुलिस ने बताया कि हत्या को साजिशन अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी फैयाजुल अजीम नोमान ने बताया, परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

11 जनवरी की शाम को हुई हत्या

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक दागनभुआ इलाके में समीर कुमार दास की हत्या की घटना 11 जनवरी की शाम की है। समीर कुमार दास, कार्तिक कुमार दास और रीना रानी दास के सबसे बड़े बेटे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फेनी जनरल अस्पताल भेजा।

विधवा महिला से किया था गैंगरेप

ज्ञात रहे कि पांच जनवरी को 44 साल की हिंदू विधवा महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया था। यह वारदात बांग्लादेश के झेनाइदह जिले के कालीगंज इलाके में हुई थी । महिला से उस समय गैंगरेप किया गया जब उसके घर कुछ मेहमान आए हुए थे। इस दौरान आरोपियों ने रेप के बाद पीड़िता को पेड़ से बांधकर पीटा। इस दौरान महिला के बाल काट दिए गए, उसके साथ मारपीट की गई और पूरी घटना का मोबाइल फोन से वीडियो बनाया गया।

ये भी पढ़ें : Weather Update : उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का रेड अलर्ट