12 दिन के भीतर 3 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी
Hindu Man Fire, (आज समाज), नई दिल्ली: बांग्लादेश में हिंदू एक हिंदू व्यक्ति को भीड़ द्वारा जलाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना 31 दिसंबर की शरियतपुर जिले की है। व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय खोकोन दास के रूप में हुई। खोकोन दास घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। पहले उन पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, फिर बेरहमी से पीटा गया और आग के हवाले कर दिया गया।
इस हमले में वे गंभीर रूप से झुलस गए। घायल अवस्था में खोकोन दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
18 दिसंबर को हुई थी पहली हत्या
बांग्लादेश में 12 दिन के भीतर 3 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। 18 दिसंबर को दीपू चंद्र की हत्या के बाद 24 दिसंबर को भीड़ ने एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना राजबाड़ी जिले के होसेनडांगा गांव में हुई।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमृत मंडल उर्फ सम्राट के तौर पर हुई। इसके बाद 29 दिसंबर को मैमनसिंह जिले में एक कपड़ा फैक्ट्री के अंदर हिंदू कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना भालुका उपजिला की सुलताना स्वेटर्स लिमिटेड फैक्ट्री में हुई। मृतक की पहचान बजेंद्र बिस्वास (42) के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड था।
ये भी पढ़ें: गुवाहाटी-कोलकाता के बीच चलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन


