Himachal Una News: शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

0
728
Himachal Una News
Himachal Una News: शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
Himachal Una News, ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना‌ जिले के हरोली विधानसभा के घालूवाल गांव के वीर सपूत, शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह को बुधवार को उनके पैतृक गांव घालूवाल में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। 40 वर्षीय शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर सेवारत थे। 7 मार्च को अरूणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में हुए सड़क हादसे में नायब सूबेदार कुलवंत सिंह शहीद हो गए। मंगलवार को हवाई मार्ग के माध्यम से शहीद कुलवंत सिंह का पार्थिव शरीर चंडीगढ़ लाया गया।

अंतिम यात्रा में शामिल हुए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने

शहीद नायब सूबेदार कुलवंत सिंह की अंतिम यात्रा में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवान कुलवंत सिंह का योगदान सदैव अमर रहेगा। उनका साहस, समर्पण और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि इस दुःखद घड़ी में हम शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सेना के अधिकारियों ने गांव पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि 

उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ एवं सेना के अधिकारियों ने गांव पहुंचकर शहीद को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

ग्रामीणों ने नम आंखों से दी वीर सपूत को अंतिम विदाई 

घालूवाल गांव की गलियों से होकर निकली अंतिम यात्रा में ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, उपायुक्त जतिन लाल, एसपी सचिन हिरेमथ, योल कैंट सिग्नल यूनिट से कैप्टन योगेश, 908 आर्टिलरी से सूबेदार मेजर गुरनाम सिंह, उप निदेशक सैनिक कल्याण बोर्ड ऊना लेफ्टिनेट कर्नल एसके कालिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन उपस्थित रहे।