• मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया गहरा दुःख
  • मृतकों में दो बच्चे व 4महिलाएं शामिल

Bilaspur Landslide Today Update, (आज समाज), शिमला: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम को भीषण भूस्खलन की चपेट में आई एक निजी बस में मारे गए लोगों के मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। झंडूता के बरठीं में शाम करीब साढ़े छह बजे संतोषी बस पर पहाड़ी से भारी मलबा गिर गया था और इसमें 15 लोगों की मौत हो गई है और कुछ अन्य घायल हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने हादसे पर गहरा शोक जताया है।

एक बच्चे का शव बरामद, एक लापता, दो सुरक्षित निकाले

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप धंवल (Sandeep Dhawal) के अनुसार हादसे में मारे गए 15 लोगों में दो बच्चे व चार महिलाएं भी शामिल हैं। डिप्टी सीएम (Deputy CM) और परिवहन मंत्री (Transport Minister) मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज सुबह एक बच्चे का शव बरामद किया गया और एक बच्चा अब भी लापता है। इसके अलावा दो भाई व बहन को बस से सुरक्षित निकाल लिया गया है। सर्च आपरेशन अब खत्म हो गया है।

मरोतन से घुमारवीं जा रही थी संतोषी बस

सूत्रों के अनुसार संतोषी बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी और इसी दौरान बरठीं में भल्लू पुल के पास हादसा हुआ। पहाड़ी में हुए लैंडस्लाइड के कारण बड़ी मात्रा में मलबा बस की छत पर आ गिरा। हादसे में बस में सवार 18 लोग दब गए। इनमें से 15 के शव निकाले गए और भाई-बहन आरुषि व शौर्य समेत तीन अन्य लोगों को जिंदा निकाला गया। आरुषि व शौर्य की मां की हादसे में मौत हो गई। लापता एक बच्चे की मां बिमली की भी मौत हो गई है।

प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार : सुक्खू

सीएम सुक्खू  ने घायलों का बेहतर उपचार करवाने के सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की ईश्वर से प्रार्थना की है और शोक संतप्त परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। सीएम सुक्खू ने कहा, राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

यह भी पढ़ें: IMD Alert: केदारनाथ और बद्रीनाथ में भी बर्फबारी, बढ़ी ठंड, उत्तर भारत के पहाड़ों में अभी और हिमपात का अनुमान