देश के कई अहम स्थानों पर आतंकी हमले का मिला इनपुट, हमले की फिराक में पाकिस्तान समर्थिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा
Mata Vaishno Devi Temple (आज समाज), जम्मू : माता वैष्णो देवी मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं और हर किसी पर पैनी नजर रखी जा रही है। वहीं यह भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि इससे किसी श्रद्धालू को परेशानी न हो और किसी की धार्मिक भावनाएं भी आहत न हों। इस सबके बीच हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। इतना ही नहीं कटड़ा के प्रवेश द्वारों से लेकर भवन परिसर तक अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों की तैनाती की गई है। क्विक रिस्पांस टीम को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिये यात्रा मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
माता वैष्णो देवी मंदिर के साथ इन स्थानों पर भी अलर्ट
खुफिया एजेंसियों द्वारा दिए गए इनपुट के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के चांदनी चौक सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों, विशेषकर वैष्णो देवी भवन को निशाना बनाने की फिराक में है। इस चेतावनी के बाद पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियां सतर्क मोड पर हैं। सुरक्षा बल न केवल श्रद्धालुओं बल्कि यात्रा मार्ग पर सेवा देने वाले घोड़ा, पिट्ठू और पालकी मजदूरों की भी निरंतर जांच कर रहे हैं। कटड़ा से सटी सभी पुलिस चौकियों पर नाकाबंदी कर हर आने-जाने वाले वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों ने बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
भवन परिसर में पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया विभाग की टीमें संयुक्त रूप से निगरानी कर रही हैं। अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। धर्मनगरी तक सभी संवेदनशील स्थानों पर निरंतर गश्त की जा रही है। पुलिस व सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


