रविवार आधी रात के बाद शुरू हुआ मुसलाधार बारिश का सिलसिला
Mumbai Weather Update (आज समाज), मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर से पानी-पानी हो गई। रविवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा। वहीं दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को जब लोगों की नींद खुली तो गलियों और सड़कों पर पानी ही पानी दिखाई दिया। शहर और उपनगरों के निचले इलाकों में जलभराव के कारण दफ्तरों के व्यस्त समय में यातायात धीमा रहा। रात भर और सुबह हुई भारी बारिश के बाद मध्य रेलवे मार्ग पर कुर्ला स्टेशन और पश्चिमी रेलवे नेटवर्क पर बांद्रा स्टेशन पर पटरियों पर पानी जमा हो गया। लोकल ट्रेनें कुछ देरी से चल रही हैं।
सड़कों ने लिया नहर का रूप
सुबह किंग्स सर्कल इलाके में सड़कें नहर बनी नजर आईं। वहीं, तकनीकी खराबी के कारण मुंबई के वडाला इलाके में एक मोनोरेल रुक गई। एमएमआरडीए के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, ‘वडाला में मोनोरेल में तकनीकी खराबी आने के बाद 17 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। यात्रियों को सुबह 7:45 बजे सुरक्षित निकाल लिया गया।’ मोनोरेल गाडगे महाराज स्टेशन से चेंबूर जा रही थी। मोनोरेल की तकनीकी टीम ने मुंबई अग्निशमन विभाग को फोन किया। हमारी विशेष गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। मोनोरेल की तकनीकी टीम ने ट्रेन में सवार 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ट्रेन को कपलिंग के जरिए वडाला ले जाया जा रहा है। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी सुरक्षित हैं। आॅपरेशन पूरा हो गया है।’
बिजली की गरज के साथ शुरू हुई बारिश
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आधी रात के आसपास बिजली और गरज के साथ शुरू हुई भारी बारिश सुबह भी जारी रही, जिससे किंग्स सर्कल जैसे निचले इलाकों और अन्य इलाकों में पानी भर गया। पानी से भरे गड्ढों ने सड़क यातायात की स्थिति को और खराब कर दिया।
उत्तर भारत में बारिश से राहत
उत्तर भारत में मानसून की विदाई लगभग हो चुकी है। जिससे बारिश से थोड़ी राहत मिली है। पिछले कुछ दिन से मैदानी एरिया में बारिश बिलकुल नहीं हुई। हालांकि हिमाचल के बिलासपुर में दो दिन एक बार फिर से बादल फटने की घटना सामने आई। वहीं पंजाब और हरियाणा में बाढ़ का पानी अब निकल चुका है।
ये भी पढ़ें : Rahul Gandhi Punjab Visit : नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज पंजाब के बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे