• केरल में फिर तेज बारिश का अलर्ट

Heatwave Grips In North-India, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत में जहां हीटवेव का प्रकोप लगातार जारी है, वहीं दक्षिणी राज्य केरल में एक बार फिर तेज बारिश का अलर्ट जारी है। पंजाब का बठिंडा मंगलवार को 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में सबसे गर्म जिला रहा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश के उत्तरी राज्यों में फिलहाल हीटवेव यानी लू से राहत के आसार नहीं हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में दो दिन तक लू चलने का अनुमान है।

दिल्ली में आज 45 तक जा सकता है तापमान

देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कल यानी मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पर गर्मी 47 डिग्री जैसी महसूस की गई। आज यहां का तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। आईएमडी के अनुसार केरल के उत्तरी जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। 13 जून को राज्य के चार जिलों और 14 जून को प्रदेश के 9 जिलों में बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा : लू का आरेंज और येलो अलर्ट

मंगलवार को सिरसा 46.2 डिग्री सेल्सियस के साथ हरियाणा का सबसे गर्म जिला रहा। आज  राज्य के 9 जिलों में लू का आरेंज अलर्ट जारी है। अन्य जिलों में लू का येलो अलर्ट है। रोहतक, सिरसा, अंबाला, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, कुरुक्षेत्र और कैथल में आज लू यानी हीटवेव का आरेंज अलर्ट है मौसम विभाग ने हरियाणा के 15 जिलों में गुरुवार को लू का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अन्य 7 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। हरियाणा में शुक्रवार को मौसम में बदलाव की संभावना है। प्रदेश के कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

हिमाचल : इन जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल के ऊना, कुल्लू व मंडी जिलों में आज और कल के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी है। गुरुवार को इन तीनों जिलों के अलावा कांगड़ा व सोलन में भी लू चल सकती है। प्रदेश में बीते चार दिन से प्रचंड गर्मी पड़ रही है।

राजस्थान : दो जिलों में गर्मी का रेड अलर्ट

राजस्थान में भी गर्मी और हीटवेव का तेज असर जारी है। मंगलवार को राज्य के तीन शहरों में पारा 46 डिग्री या उससे अधिक रहा। श्रीगंगानगर में तापमान सबसे ज्यादा 47.4 डिग्री दर्ज किया गया। आज के लिए राज्य के दो जिलों में गर्मी का रेड अलर्ट है।

बिहार : उत्तर और पूर्वी क्षेत्र के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में आज बारिश हो सकती है है। प्रदेश के उत्तर और पूर्वी क्षेत्र के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती है। राजधानी पटना सहित दक्षिण बिहार के 19 जिलों में आज भी हीटवेव का अलर्ट है। मौसम विभाग ने इसको लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। झारखंड में कई जगह छिटपुट बारिश होती रही है। हालांकि इसके बाद अब उमस आफत बन रही है। प्रदेश में अभी ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें : Weather: दिल्ली सहित समूचे उत्तर भारत में भीषण गर्मी, श्रीगंगानगर में पारा 47 पार