लगातार बढ़ रहा प्रदेश का पारा, बठिंडा रहा सबसे ज्यादा गर्म

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : जून के पहले कुछ दिन बारिश और तेज हवाओं के बीच गुजरने के बाद अब पंजाब भीषण गर्मी की चपेट में आने वाला है। हालांकि पिछले दो दिन से प्रदेश में आसमान पूरी तरह से साफ है और तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। लेकिन अब असली गर्मी से प्रदेशवासियों को दो चार होना पड़ेगा। चंडीगढ़ मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार अब पंजाब में भीषण गर्मी की शुरुआत होगी। प्रदेश में 9 जून तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश का तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में इतना बढ़ा तापमान

पंजाब में तापमान एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की तेज वृद्धि दर्ज की गई है। जो आने वाले दिनों में और भी गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रही है। मौसम विभाग ने 9 जून से राज्य में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ हीट-वेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। वर्तमान में राज्य का औसतन तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है। लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत अस्थायी है और जल्द ही तापमान सामान्य से अधिक होने की संभावना है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भटिंडा में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस सीजन का सर्वाधिक तापमान है।

प्रमुख शहरों में इस तरह रहा तापमान

पंजाब के विभिन्न शहरों में दर्ज तापमान की स्थिति गंभीर है। चंडीगढ़ में 38.0 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 39.2 डिग्री सेल्सियस, और लुधियाना में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। गुरदासपुर में 37.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 38.4 डिग्री सेल्सियस, और पठानकोट में 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है।रोपड़ में तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जबकि फिरोजपुर में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक है, जो सामान्य गर्मी की तुलना में काफी अधिक है।

इस बार मानसून सामान्य रहने की उम्मीद

वहीं मौसम विभाग यह स्पष्ट कर चुका है कि इस बार देश में मानसून की स्थिति अच्छी है और यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। उम्मीद है कि 25 जून के आसपास यह पंजाब में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश की भविष्यवाणी भी मौसम विभाग कर चुका है।

ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : 1 किलो हेरोइन, 4.9 लाख रुपए ड्रग मनी बरामद