सिरसा रहा सबसे गर्म 45.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा तापमान
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 12 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है उनमें सिरसा, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात शामिल है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को लू चे बचने की सलाह दी है। वहीं हरियाणा के 4 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर व करनाल में बादल छाए रहने व बरसात होने का अनुमान भी जताया गया है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान में मंगलवार को 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
तापमान में दिखने को मिला उतार-चढ़ाव
हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी जिला मेवात में 2.6 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की गई। जिसके बाद मेवात का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं सबसे ज्यादा गिरावट हिसार में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। जिसके बाद हिसार का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।