पठानकोट में 35 साल के युवक तो मोगा में 55 साल के अधेड़ की गई जान, अब तक पंजाब में चार लोग गवा चुके अपने जान

Punjab Breaking News  (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब में अब गर्मी जानलेवा साबित हो रही है। प्रदेश में लू और गर्मी के चलते पिछले 24 घंटे में दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इस तरह पंजाब में इस सीजन में गर्मी के चलते चार लोग अपनी जान गवां चुके हैं। पठानकोट में एक 35 साल का युवक गर्मी की वजह से अचानक बेहोश हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसी तरह मोगा में 55 साल का एक व्यक्ति बेहोश होकर गिर गया और दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल में रखवा दिया है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।

सीजन में गर्मी से अब तक चार लोग दम तोड़ चुके हैं। इससे पहले बुधवार को भी दो लोगों की जान चली गई थी। सूबे के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की कमी दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य से 2.9 डिग्री ऊपर बना है। न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 4.9 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। सबसे कम 28.3 डिग्री का न्यूनतम पारा पठानकोट का दर्ज किया गया।

इस तरह रहा प्रमुख शहरों का तापमान

अमृतसर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री, लुधियाना का 43.0 डिग्री, पटियाला का 39.2 डिग्री, पठानकोट का 42.5 डिग्री, फरीदकोट का 44.0 डिग्री, फिरोजपुर का 42.6 डिग्री, जालंधर का 41.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना का न्यूनतम पारा 31.0 डिग्री, पटियाला का 31.5 डिग्री, बठिंडा का 30.0 डिग्री, फरीदकोट का 31.2 डिग्री, फिरोजपुर का 30.9 डिग्री और जालंधर का 30.7 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश में पहली बार लू को लेकर रेड अलर्ट जारी

वहीं पिछले दिनों मौसम विभाग ने पंजाब में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था। इतिहास में यह पहला मौका था जब गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया हो। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी और लू के चलते लोगों को बचने के लिए एडवाइजरी जारी की थी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को यह सलाह दी थी कि गर्मी और लू से बचने के लिए जरूरी है कि दोपहर के समय धूप में न निकले। इसके साथ ही अपने शरीर को पूरी तरह से ढक कर घर से निकले और घर के बने शीतल पदार्थों का लगातार प्रयोग करते रहें।