Weather Update Today : नौतपा में गर्मी तोड़ रही रिकॉर्ड, कल से राहत की आस

0
48
Weather Update Today : नौतपा में गर्मी तोड़ रही रिकॉर्ड, कल से राहत की आस
Weather Update Today : नौतपा में गर्मी तोड़ रही रिकॉर्ड, कल से राहत की आस

राजस्थान का श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश में सबसे ज्यादा गर्म, कल पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से आएगा बदलाव

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : मई का अंतिम सप्ताह है और नौतपा के प्रकोप के चलते देश के मैदानी राज्यों में गर्मी अपने चरम पर है। देश के ज्यादात्तर राज्यों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर है और कुछ जगह यह 47 डिग्री भी पार कर चुका है। इसी के चलते इस बार नौतपा के दौरान गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मैदानी इलाकों में जब तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच जाता है तो उसे लू की श्रेणी में रखा जाता है, जबकि 47 डिग्री से अधिक तापमान को भीषण लू माना जाता है। इस समय उत्तर भारत के कई हिस्से इसी स्थिति से गुजर रहे हैं।

दिल्ली सहित उत्तरी राज्यों का बुरा हाल

दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण दोपहर में सड़कें सुनसान दिखने लगी हैं। मजदूर, रिक्शा चालक और खुले में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश तक कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बुधवार को देश का सबसे अधिक तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यूपी का बांदा 47.8 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

मौसम विभाग ने हालांकि आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद जताई है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट की संभावना बनी है।आखिर क्यों और खतरनाक हो गई है इस बार की गर्मी?मौसम विभाग ने बताया है कि बृहस्पतिवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से शुक्रवार से उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है।

गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत अस्थायी होगी और जून की शुरूआत में गर्मी फिर तेज हो सकती है। फिलहाल लोगों को अगले दो से तीन दिनों तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिए विशेष आदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीषण गर्मी और लू की स्थिति पर चिंता जताते हुए सभी मंत्रालयों और राज्य सरकारों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी चुनौती से निपटने के लिए पूरे देश को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्वास्थ्य और जलशक्ति मंत्रालय को खास तौर पर मुस्तैद रहने को कहा, ताकि लू से प्रभावित लोगों को तुरंत इलाज और पानी उपलब्ध कराया जा सके। प्रधानमंत्री ने लोगों से भी अपील की कि वे बिना जरूरत तेज धूप में बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी तथा तरल पदार्थों का सेवन करें।