आईएमडी ने जारी की चेतावनी, एक सप्ताह बाद तपने लगेगा समूचा देश
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते मई का पहला पूरा सप्ताह गर्मी से राहत भरा रहा। तापमान में कमी रही और तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रहा। पर अब जल्द ही हालात बदलने जा रहे हैं। आईएमडी द्वारा जारी की गई अगले एक सप्ताह की मौसम रिपोर्ट में बताया गया है कि राहत का यह दौर जल्द ही खत्म हो रहा है।
इसके साथ ही अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत समेत कई इलाकों में तापमान तेजी से ऊपर चढ़ सकता है। उत्तर- पश्चिम भारत यानी जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। नौ मई तक पारा लगातार चढ़ने का अनुमान है।
महाराष्ट्र का वर्धा रहा सबसे गर्म
इस बीच महाराष्ट्र का वर्धा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मध्य और पूर्वोत्तर भारत में भी 8 से 11 मई के बीच तापमान तीन से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है। महाराष्ट्र में भी दो से चार डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में लोगों को धूप और नमी दोनों का असर झेलना पड़ सकता है। विशेषज्ञों ने अधिक पानी पीने और लंबे समय तक धूप में रहने से बचने की सलाह दी है।
भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर व्यापक रूप से दिखाई देगा। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छह और सात मई के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल तथा असम-मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बरसात हो सकती है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी 11 मई तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है।
ये भी पढ़ें : West Bengal Breaking News : बंगाल से गुंडों का सफाया करेगी भाजपा : शुभेंदु अधिकारी


