अभिनेता से नेता बने विजय पहुंचे थे 6 घंटे लेट, रैली में पहुंचे थे 60 हजार से ज्यादा लोग
Tamil Nadu Karur stampede Update (आज समाज), करूर : शनिवार को तमिलनाडु के करूर में अभिनेता विजय की रैली थी। आपको बता दें कि अभिनेता से नेता बने विजय तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख हैं। शनिवार को उनकी रैली थी। लेकिन यह रैली सफलतापूर्वक तरीके से संपन्न होने की जगह एक बड़े हादसे का कारण बन गई जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई और करीब 50 से ज्यादा घायल हैं। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है जिससे मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रैली में उनके चाहनेवालों की बहुत बड़ी भीड़ जुटी थी। शुरू में तो सबकुछ सामान्य रहा लेकिन फिर एकाएक हालात बदलते गए और लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान लोग एक दूसरे को अपने पैरों के नीचे कुचलते हुए इधर-उधर दौड़ने लगे।
इसलिए बिगड़े रैली में हालात
स्थानीय प्रशासन ने इस रैली में हुई दुखद घटना के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए हैंं। एक तो गर्मी थी दूसरा 30 हजार की अनुमति के बावजूद रैली में 60 हजार से ज्यादा लोग पहुंच गए थे। वहीं विजय रैली में भाग लेने और समर्थकों को संबोधित करने के लिए तय समय से छह घंटे लेट पहुंचे। जिसके चलते यह घटना हुई। भगदड़ की सूचना पर विजय ने अपना भाषण अधूरा छोड़ा और वहां से रवाना हो गए।
पुलिस के लाठीचार्ज के बाद बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अपने प्रिय अभिनेता और नेता के विचार सुनने के लिए हजारों की भीड़ एकत्रित हुई थी। रैली के दौरान लोग अपने प्रिय नेता की झलक पाने को बेताब हो गए। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। जैसे ही पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो लोगों में भगदड़ मच गई। जिसके बाद इसमें जानी नुकसान हुआ। वहीं मंत्री, शीर्ष अधिकारी, पुलिस अधिकारी करूर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
ये बोले सीएम एमके स्टालिन
सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति और कई लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। करूर प्रशासन से मिली जानकारी चिंताजनक है। स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम और जिला कलेक्टर को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मंत्री अंबिल महेश को भी मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम स्टालिन ने कहा कि उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को करूर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : Tamil Nadu Karur stampede : तमिलनाडु के करूर में रैली में भगदड़, 38 लोगों की मौत