फसल खराबे का 52.14 करोड़ रुपए का मुआवजा किया जारी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा रेवेन्यू डिपार्टमेंट नई वेबसाइट शुरू हो गई है। सीएम नायब सैनी ने गत दिवस राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। नई वेबसाइट के जरिए अब विभाग की सभी 26 सेवाएं इस एक ही प्लेटफार्म पर किसानों और आम लोगों को मिल सकेंगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रबी 2025 के फसल खराबे के 22617 किसानों को 52.14 करोड़ रुपए का मुआवजा भी जारी किया। इस मौके पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि यह डिजिटल हरियाणा और सुशासन की दिशा में उठाया गया एक और ठोस कदम है। राजस्व विभाग न केवल प्रशासन की रीढ़ है, बल्कि आमजन के दुख-दर्द के साथ सीधे जुड़ा हुआ है।

अलग-अलग पोर्टल पर जाकर भटकने की जरूरत नहीं

सीएम नायब सैनी ने कहा कि रेवेन्यू डिपार्टमेंट में अब विभाग ने अपना स्वतंत्र आईटी डिवीजन स्थापित किया है। इस वेबसाइट के माध्यम से विभाग की सभी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त किया जा सकेगा। अब हरियाणा वासियों को इस विभाग की सेवाओं के लिए अलग-अलग पोर्टल पर जाकर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मुआवजे की भी मिलेगी जानकारी

सीएम सैनी ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र सहित मुआवजे की जानकारी मिलेगी। जाति प्रमाण पत्र से लेकर मुआवजे की जानकारी सब कुछ इसी एक पोर्टल पर उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में यह पोर्टल और भी नई सेवाओं को जोड़ते हुए एक आदर्श डिजिटल प्लेटफॉर्म बनेगा।

यह भी पढ़ें : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में जेल में बंद यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का आज जन्मदिन