दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ा रहा लोगों की परेशानी

Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : जैसे-जैसे दिसंबर आगे बढ़ रहा है। वैसे-वैसे हरियाणा में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, नारनौल हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिसार में 3.7 डिग्री, करनाल में 7.0 डिग्री, अंबाला में 7.7 डिग्री और चंडीगढ़ में 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। हालांकि ठंड ज्यादात्तर शाम को शुरू होकर सुबह तक रहता है। दिन में धूप खिलने से तापमान में एकदम से वृद्धि हो जाती है।

इसी कारण दिन और रात का तापमान लोगों के लिए ज्यादा परेशानी पैदा कर रहा है। वहीं पिछले दो-तीन दिन से हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी शीत हवाओं चल रही हैं। इसके कारण भी तापमान में गिरावट लगातार जारी है।मौसम विभाग के अनुसार तापमान में 8 दिसंबर तक उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं नमी कम होने के कारण अभी धुंध या कोहरे का असर देखने को नहीं मिला है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ाएगा ठंड

मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालीय राज्यों में सक्रिय होने जा रहा है। इसी के प्रभाव के चलते जहां पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है वहीं मैदानी हिस्सों में ठंडी हवाएं चलेंगी जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में हरियाणा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह और देर रात के समय ठिठुरन बढ़ सकती है।

प्रदेश में अभी बारिश के आसार नहीं

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट जारी है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है। विभाग ने बताया कि सुबह और देर रात के समय घना कोहरा और पाला पड़ने की स्थिति बन सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 8 दिसंबर को फिर से ठंड बढ़ सकती है। परंतु 8 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है।