हरित खाद को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने उठाया कदम, 3 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में ढेंचा उगाने वाले किसानों को प्रति एकड़ 1000 रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। इस प्रोत्साहन राशि का भुगतान सीधे किसानों के खातों में किया जाएगा। हरियाणा सरकार ने यह कदम किसानों की रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने के लिए उठाया गया है।

सरकार का उद्देश्य किसानों को हरित खाद के प्रति प्रोत्साहित करना है। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश में चार लाख एकड़ भूमि पर फसल विविधिकरण का लक्ष्य है, जिसमें ढेंचा की फसल को प्रमुखता दी जा रही है। इस योजना से तीन लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा।

मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने सहायक ढेंचा

ढेंचा एक प्राकृतिक खाद है जो मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, नमी बनाए रखने और उत्पादन लागत घटाने में सहायक है। यह योजना पहली बार प्रदेशभर में लागू की जा रही है, जिससे हजारों किसानों को लाभ होगा। ढेंचा एक फलीदार फसल है, जिसे कटाई से पहले मिट्टी में जोतकर जैविक खाद तैयार की जाती है।

यह फसल मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में भी सहायक होती है क्योंकि यह नाइट्रोजन स्थिरीकरण करती हैं और नाइट्रोजन की पूर्ति करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे मिट्टी की संरचना बेहतर होती है और लंबे समय तक उत्पादकता बनी रहती है।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज बारिश के आसार