प्रदेश के 17 जिलों में हो रही बारिश, तापमान में आई गिरावट
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा के करीब 17 जिलों में आज सुबह से ही बारिश हो हो रही है। इनमें फतेहाबाद, चरखी दादरी, सिरसा, रोहतक, हिसार, अंबाला, पंचकूला, कैथल, महेंद्रगढ़, झज्जर, सोनीपत, भिवानी, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, पानीपत, गुरुग्राम और यमुनानगर शामिल है। हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था।
हरियाणा में बारिश का यह दौर 7 अक्टूबर तक जारी रहेगा। 8 अक्टूबर दोपहर बाद प्रदेश में मौसम साफ होगा। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। वहीं आज मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ आईएमडी ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
सिरसा में आरएसएस स्वयं सेवकों ने बारिश में पथ संचलन किया
सिरसा में आरएसएस के स्वयं सेवकों ने बारिश में भीगते हुए ही पथ संचलन किया, जबकि फतेहाबाद में ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी छतरी लगाए यातायात व्यवस्था सुचारु करते दिखे। वहीं, रविवार-सोमवार की दरमियानी रात में भी कई जिलों में भारी बारिश हुई। सिरसा में ओलावृष्टि हुई।
खेतों में खड़ी धान की फसल भी बिछी
कुछ इलाकों में खेतों में खड़ी धान की फसल भी बिछ गई। नूंह, चरखी दादरी की अनाज मंडियों में खुले में रखा धान भीग गया। बहादुरगढ़ में बारिश और तेज हवा से एक मकान पर पेड़ गिर गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। यहां कई इलाकों की बिजली गुल हो गई।
प्रदेश में सामान्य से 33 फीसदी अधिक हो चुकी बारिश
राज्य में अभी तक सामान्य से 33% अधिक बारिश हुई है। 1 जून से 30 सितंबर 2025 तक हरियाणा में कुल 568.4 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि औसत 426 एमएम है। 7 अक्टूबर तक राज्य में बारिश की संभावना है। 8 अक्टूबर से तापमान में गिरावट आ सकती है।
यमुनानगर में हुई सबसे अधिक बारिश
इस बार किसी भी जिले में बारिश की कमी या भारी कमी नहीं रही। मानसून मेहरबान रहा। 6 जिलों में सबसे अधिक, 9 जिलों में अधिक और 7 जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज की गई। यमुनानगर में सबसे ज्यादा बारिश 1116.9 एमएम दर्ज हुई।
ये भी पढ़ें : Weather Today : उत्तर बंगाल व सिक्किम में बारिश, भूस्खलन का कहर