एशियाई बाजारों के सकारात्मक रुख के चलते आई तेजी
Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : विश्व में एक बार फिर से टैरिफ विवाद बढ़ने की खबरों के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी दिखाई दी और सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान पर बंद हुए। शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि मंगलवार को शेयर बाजार की तेजी के पीछे एशियाई बाजारों में तेजी का जारी रहना था। इसके साथ ही बैंकिंग और चुनिंदा आईटी शेयरों में हुई खरीदारी ने भी शेयर बाजार को सपोर्ट किया।
इसी सब के चलते मंगलवार को बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 270 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 270.01अंक या 0.32 प्रतिशत बढ़कर 83,712.51 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 491.36 अंकों की तेजी के साथ 83,812.31 का उच्चतम और 83,320.95 का न्यूनतम स्तर छुआ। इसमें 18 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 12 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 61.20 अंक या 0.24 प्रतिशत बढ़कर 25,522.50 अंक पर पहुंच गया।
यूरोपीय बाजार में रहा मिलाजुला रुख
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। सोमवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
सोने के भाव एक बार फिर एक लाख के करीब
भारतीय सर्राफा बाजार में बहुमूल्य धातु सोने ने एक बार फिर से तेजी पकड़ ली है। यह इस साल लगातार चौथी बार एक लाख के आकड़ें के करीब पहुंच गया है। मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में यह 550 रुपए बढ़कर 99120 रुपए प्रति 10 ग्राम बिका। सोने के भाव के पीछे स्टॉकिस्ट्स की ताजा खरीदारी बताया जा रहा है। वहीं सोमवार को यह अपने पिछले सप्ताह के स्तर से 550 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 98570 रुपए प्रति दस ग्राम बिका।दूसरी ओर, मंगलवार को चांदी की कीमतें लगातार तीसरे सत्र में 1,04,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर रहीं।