नारनौल में समारोह के बाद 3 छात्राएं हुई बेहोश
Independence Day Celebration, (आज समजा) चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम घोष आज अंबाला में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में पहुंचने पर सर्वप्रथम प्रो. असीम घोष ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का आयोजन अंबाला शहर स्थित पुलिस लाइन मैदान में किया गया था। ध्वजारोहण के बाद राज्यपाल ने परेड की सलामी ली।
इससे पहले राज्यपाल असीम कुमार घोष ने 14 अगस्त की शाम को तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस मौके पर उनके साथ पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, आईजी अंबाला रेंज पंकज नैन, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त विरेन्द्र लाठर मौजूद थे।
नारनौल में ज्यादा गर्मी के कारण बेहोश हुई छात्राएं
नारनौल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद 3 छात्राएं बेहोश हो गई। इनमें से एक स्काउट की छात्रा शामिल है। जबकि दो छोटी छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम करने वाली रही। तीनों छात्राएं ज्यादा गर्मी के कारण बेहोश हो गईं। बाद में वहां मौजूद रेडक्रॉस व सेहत विभाग के कर्मचारियों ने उनको होश में लाया।
फरीदाबाद में बारिश के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम किए रद्द
फरीदाबाद में खेल मंत्री गौरव गौतम के कार्यक्रम में बारिश हो गई। मंत्री ने बारिश के बीच ही परेड का निरीक्षण किया। यहां मैदान में कीचड़ होने की वजह से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए।
रेवाड़ी में राव नरबीर ने वीरांगनाओं के पैर दबाए
रेवाड़ी में मंत्री राव नरबीर ने झंडा फहराने के बाद युद्ध वीरांगनाओं को शॉल भेंट की और उनके पैर भी दबाए। सिरसा में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला धोती कुर्ता पहनकर ध्वजारोहण करने के लिए पहुंचे।
लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के माता-पिता को किया सम्मानित
करनाल में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले नेवी के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के माता-पिता को सम्मानित किया।
विज ने प्रतिभागियों के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर के जगाधरी स्थित नई अनाज मंडी में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। अनिल विज ने ध्वजारोहण के उपरांत परेड की सलामी ली और समाज के लिए उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया।
बच्चों द्वारा दी गई शानदार सांस्कृति प्रस्तुतियों से खुश होकर कैबिनेट मंत्री ने सभी प्रतिभागियों के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की, जिसमें से प्रत्येक बच्चे को 500-500 रुपए और मिठाई दी जाएगी। कार्यक्रम में झांसी की रानी बनी एक छोटी बच्ची को विज ने स्पेशल मंच पर बुलाकर सराहा।
हरियाणा के 13 पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में हरियाणा के 13 पुलिस अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मेडल देकर सम्मानित किया। पुलिस कमिश्नर सिबाश कबिराज और इंस्पेक्टर जनरल कुलदीप सिंह को प्रेसिडेंट मेडल मिला। इसके अलावा 11 अधिकारियों को मेरिटोरियस सर्विस मेडल से सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़ें : रोहतक में सीएम नायब सैनी ने फहराया तिरंगा