इस साल आई बाढ़ में हजारों किसानों की करीब पांच लाख एकड़ फसल हुई है बर्बाद, किसानों को 2 लाख क्विंटल बीज देने पर 74 करोड़ रुपए खर्च करेगी सरकार

Punjab Breaking News  (आज समाज), चंडीगढ़ : इस साल देश में मानसूने सीजन के दौरान मैदानी एरिया में पंजाब एक ऐसा राज्य रहा जहां पर कुदरत ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया। यहां पर बाढ़ से न केवल जान माल का नुकसान हुआ बल्कि प्रदेश के करीब पांच लाख एकड़ फसल भी बुरी तरह से प्रभावित हुई। प्रदेश सरकार ने इस बाढ़ से प्रभावित किसानों को राहत देते हुए अब उन्हें गेहूं का बीज फ्री में देने की घोषणा की है। इस संबंधी जानकारी देते हुए सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि हाल की बाढ़ में राज्य के अन्न उत्पादकों को भारी नुकसान हुआ है और उन्हें 74 करोड़ रुपये मूल्य का यह दो लाख क्विंटल बीज मुफ़्त उपलब्ध कराया जाएगा।

देश की प्रगति में किसानों का अहम योगदान

उन्होंने कहा कि मेहनती किसानों ने देश को अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें संकट से बाहर निकालने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आगामी रबी सीजन की फसल के लिए गेंहू का बीज मुफ़्त उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की ओर से बाढ़ से हुई तबाही के कारण किसानों को पेश आई मुश्किलों को कम करने की एक छोटी-सी कोशिश है।

बाढ़ ने प्रदेश में मचाई तबाही

भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन भीषण बाढ़ों से हुई बड़े पैमाने की तबाही का अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता क्योंकि पंजाब ने पहले कभी इतना नुकसान नहीं देखा।मुख्यमंत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि पंजाब के 2,300 गाव भीषण बाढ़ की चपेट में आए हैं, जिससे 20 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है और 5 लाख एकड़ जमीन पर खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बाढ़ के कारण 56 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और लगभग सात लाख लोग बेघर हो गए। इसके अलावा 3,200 सरकारी स्कूल क्षतिग्रस्त हो गए, 19 कॉलेज मलबे में तब्दील हो गए, 1,400 क्लीनिकों और अस्पतालों को भारी नुकसान पहुंचा , 8,500 किलोमीटर सड़कें तबाह हो गईं और 2,500 पुल ढह गए। उन्होंने आगे बताया कि कुल नुकसान का अनुमान लगभग 13,800 करोड़ रुपये बनता है लेकिन वास्तविक आँकड़े इससे भी अधिक हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : अपराधियों से सख्ती से निपटे पुलिस : सीएम