लंबित मांगों को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों से मिले यूनियन कर्मी

Delhi News Hindi  (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली की सत्ता और दिल्ली नगर निगम में काबिज भाजपा ने हमेशा ही सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली सरकार पूरे शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान तो चला रही है लेकिन सफाई कर्मियों की मांगों को हल करने की तरफ उसका ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि 11 वर्ष दिल्ली की सत्ता में रहकर भी आम आदमी पार्टी ने सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए कुछ नहीं किया।

12 हजार सफाई कर्मियों को नियमित करने का फैसला अटका

फरवरी 2025 में 12000 अस्थाई कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला आज भी अटका हुआ है। यही नही करुणामूलक आधार पर मृतक सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को तुरंत पक्का किया जाना चाहिए। दिल्ली नगर निगम सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 56 यूनियनों की दिल्ली नगर निगम समस्त यूनियन कोर कमेटी के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के साथ प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में बैठक की।

यूनियन नेताओं ने बताई अपनी व्यथा

प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के समक्ष यूनियन ने मांग रखीं जिनमें 20-25 वर्षो से कर्मचारियों को पक्का नही किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाएं नही मिल रही – कैशलेस अथवा अन्य कोई सुविधा नही मिलती और दिल्ली नगर निगम सदन में कांग्रेस के पार्षद सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के तौर पर उठाएं और इनकी लड़ाई लड़े।

अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दिल्ली नगर निगम समस्त यूनियन कोर कमेटी के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि हम आपके संघर्ष में आपके साथ खड़े है और कांग्रेस के निगम पार्षद सफाई कर्मचारियों की मांगों को निगम के सदन में प्रमुखता से उठाएंगे और महापौर पर हर संभव दबाव बनाकर वर्षों से काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को पक्का करवाने के लिए संघर्ष करेंगे।

ये भी पढ़ें : Delhi News Update : दिल्ली को पूरी तरह से कचरा मुक्त बनाएंगे : रेखा गुप्ता