कहा, मानसून से ठीक पहले हड़बड़ी में काम कर रही दिल्ली सरकार

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने एक बार फिर से दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि दिल्ली सरकार जनता को गुमराह कर रही है और हड़बड़ी में फैसले ले रही है। यादव ने कहा कि दिल्ली में विकास के नाम पर वोट मांगने के बाद भाजपा अपने 100 दिन से ज्यादा के कार्यकाल में दिल्ली की खस्ताहाल सड़कों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे पाई और इसके बाद सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि सरकार एक ही दिन में सड़कों पर मौजूद 3400 गड्ढे भर रही है।

विकास के नाम पर खानापूर्ति हो रही

गड्ढों को भरने के दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम दिल्ली की जनता को सचेत करते हैं कि भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार और उनके सुपर सीएम माने जाने वाले मंत्री प्रवेश वर्मा अब जनता को गुमराह करने के लिए मानसून से ठीक पहले की तत्कालिक सड़कों की मरम्मत और खानापूर्ति का सहारा ले रहे हैं। देवेन्द्र यादव ने कहा कि 100 दिनों की निकम्मी कार्यप्रणाली और प्रशासनिक विफलता को कुछ गड्ढों को भरकर नहीं छुपाया जा सकता। दिल्ली के हर इलाके में टूटी सड़कें, बहती नालियां और जर्जर बुनियादी ढांचा साफ दिख रहा है। सरकार ने मानसून से पहले तैयारी के नाम पर केवल प्रचार किया, काम नहीं।

28 फरवरी को सरकार ने लिया था फैसला

उन्होंने याद दिलाया कि 28 फरवरी 2025 को दिल्ली सरकार की बैठक में पैच रिपेयर और पोट होल भरने को समय सीमा में पूरा करने का निर्णय हुआ था। इससे पूर्व 21 फरवरी को अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद को एक विस्तृत प्रस्तुति दी थी। यह बैठक तो हुई, लेकिन उसके बाद पूरे दिल्लीवासियों की आंखों में धूल झोंकने जैसा व्यवहार हुआ। टूटी सड़कों की धूल, असल में भाजपा और केजरीवाल सरकार की नाकामी की परतें हैं।

यादव ने कहा की दिल्ली पीडब्ल्यूडी के अधीन लगभग 14,00 किमी सड़कों की जिम्मेदारी है। बैठक के अनुसार 7,000 गड्ढों की पहचान हुई थी, जिन्हें मेंटेनेन्स वैन से मरम्मत किया जाना था। इसके लिए 15 मार्च तक टेंडर और 15 अप्रैल तक काम शुरू होना तय था। इसी तरह 2 लाख वर्ग मीटर पैच रिपेयर का लक्ष्य तय हुआ था, जिसके लिए 7 अप्रैल से कार्य प्रारंभ और 30 अप्रैल तक पूर्णता की समय सीमा तय की गई थी।

ये भी पढ़ें : Delhi News : पॉलीथिन फैक्टरी से तीन शव बरामद