16 जनवरी से प्रदेश भर में चलाया जाएगा बुजुर्गों के लिए विशेष अभियान
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घोषणा की कि बुजुर्गों के लिए राज्य-स्तरीय अभियान हमारे बुजुर्ग, हमारा मान की शुरुआत 16 जनवरी से जिला एसएएस नगर (मोहाली) से की जाएगी। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि हर वर्ष 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस मनाया जाता है और इसी संदर्भ में पंजाब सरकार द्वारा वर्ष 2023 से हमारे बुजुर्ग, हमारा मान अभियान चलाया जा रहा है।
वर्ष 2023 के दौरान लगाए गए शिविरों में 20,110 पंजीकरण किए गए, जिनके अंतर्गत आंखों की जांच, कान-नाक-गला (ईएनटी) जांच, मोतियाबिंद सर्जरी की जांच, चश्मों का वितरण, पेंशन फार्म, सीनियर सिटीजन कार्ड और आयुष्मान कार्ड आदि सुविधाएं प्रदान की गईं।
जिला स्तर पर लगाए जाएंगे शिविर
उन्होंने कहा कि इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 में भी यह अभियान पूरे राज्य में जिला-स्तरीय शिविरों के माध्यम से चलाया जाएगा। इन शिविरों में बुजुर्गों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं, मोतियाबिंद सर्जरी, जेरियाट्रिक जांच, कान-नाक-गला जांच, योग सत्र, कानूनी जागरुकता तथा अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
2025-26 में 786.83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे
डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी दी कि बुजुर्गों के लिए राज्य सरकार की कार्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 786.83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत नि:शुल्क मेडिकल कैंप, एनसीडी एवं डिमेंशिया स्क्रीनिंग, जेरियाट्रिक केयरगिवर्स का प्रशिक्षण तथा राज्य-स्तरीय मीडिया और जागरुकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान हेतु नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबर 14567 भी संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुजुर्गों की भलाई, स्वास्थ्य सेवाओं, ओल्ड एज होम्स, डे-केयर सेंटरों, जागरूकता अभियानों और अन्य संबंधित गतिविधियों के लिए पंजाब सरकार द्वारा कुल मिलाकर लगभग 24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जो बुजुर्गों के प्रति मान सरकार की सशक्त प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


