चांदी रही स्थिर, क्या एक लाख का स्तर पार करेगा सोना
Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद बुधवार को कीमती धातु सोने की कीमतों में तेजी दिखाई दी। भारतीय सर्राफा बाजार दिल्ली में बुधवार को सोने की कीमत 820 रुपए प्रति 10 ग्राम के हिसाब से बढ़ गई। जिसके बाद यह 98490 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। वहीं सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने की कीमत में तेजी जारी रहेगी और जल्द ही यह एक लाख रुपए के स्तर को पार कर सकता है। ज्ञात हरे कि सोने के दाम पहले भी दो बार एक लाख का स्तर छू चुके हैं लेकिन उसके बाद इसमें बड़ी गिरावट आती है और यह 95 हजार के स्तर से नीचे चला जाता है।
इसलिए चढ़े सोने के दाम
सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है कि मजबूत वैश्विक रुख के बीच बुधवार को राजधानी दिल्ली में सोने का भाव 820 रुपये बढ़कर 98,490 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाली इस बहुमूल्य धातु का भाव 750 रुपए बढ़कर 98,000 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की तेज खरिदारी ने भी सोने को सहारा दिया। वहीं चांदी की कीमतें 1,07,100 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रहीं।
वैश्विक बाजार में सोने के भाव उछला
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हाजिर 12.09 डॉलर प्रति औंस या 0.36 प्रतिशत बढ़कर 3,334.69 डॉलर प्रति औंस हो गया। वहीं वैश्विक बाजारों में हाजिर चांदी 0.5 प्रतिशत गिरकर 36.34 डॉलर प्रति औंस पर आ गयी। कमोडिटी बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, रूस-यूक्रेन युद्ध से उत्पन्न भू-राजनीतिक तनाव और मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष ने सुरक्षित संपत्ति के रूप में सोने की मांग बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें : Share Market Update : यूरोपीय बाजारों में तेजी से मिली भारतीय शेयर बाजार को मजबूती