सोना 1.53 लाख प्रति 10 ग्राम व चांदी 6630 रुपए बढ़कर 2.37 लाख रुपए प्रति किलो पहुंची
Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। एक दिन इन दोनों की कीमतों में कमी आती है तो दूसरे दिन तेजी से ऊपर की तरफ जाती हैं। बुधवार को भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई। दिन के कारोबार के दौरान चांदी की कीमत 6630 रुपये बढ़कर 2.37 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
वहीं सोना 1000 रुपये की तेजी के साथ 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 1,53,554 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जो दिन का उच्चतम स्तर है। वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी करीब 4 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,38,564 रुपए प्रति किलोग्राम के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी का हाल
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण कम कारोबार के बीच कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड की कीमत करीब 4,901 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी, जबकि स्पॉट सिल्वर में 1% से अधिक की गिरावट के साथ यह 72.30 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वशेषज्ञों के मुताबिक, मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी पर बिकवाली का दबाव बढ़ा है। डॉलर इंडेक्स 0.40% चढ़कर 97.28 पर पहुंच गया, जिससे डॉलर में कीमत तय होने वाली धातुएं अन्य मुद्राओं के निवेशकों के लिए महंगी हो गईं और मांग कमजोर पड़ी।
शेयर बाजार में तीसरे दिन भी जारी रही तेजी
इस सप्ताह शेयर बाजार लगातार मजबूती से काम कर रहा है। चल रहे सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन भी शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। इससे एक तरफ जहां निवेशकों में खुशी है वहीं भारतीय मुद्रा यानी रुपया भी डॉलर के मुकाबले बुधवार को मजबूती से बंद हुआ। शेयर बाजार में तेजी के पीछे बैंक, धातु और एफएमसीजी शेयरों में में हुई खरीदारी बताया जा रहा है।
इतने अंक पर बंद हुआ सेंसेक्स और निफ्टी
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 283.29 अंक या 0.34 प्रतिशत बढ़कर 83,734.25 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसने 83,770.05 का उच्चतम स्तर छुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 93.95 अंक या 0.37 प्रतिशत बढ़कर 25,819.35 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, सन फार्मास्यूटिकल्स और कोटक महिंद्रा बैंक प्रमुख लाभ कमाने वाली कंपनियां थीं।
ये भी पढ़ें : India AI Impact Summit 2026 : एआई के क्षेत्र में भारत ने रखी नई क्रांति की नींव : अमोन


