वैश्विक स्तर पर घटती मांग के चलते दोनों कीमती धातुएं अपने उच्च स्तर से लगातार नीचे गिर रही
Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : चीन और अमेरिका के बीच उत्पन्न हो रहे व्यापारिक गतिरोध के कम होने के चलते लोगों की सुरक्षित निवेश की धाारणा में कमी आई है। इसी के चलते वैश्विक बाजार में सोने की मांग भी लगातार कमजोर पड़ रही है। इसका सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ रहा है। रिकॉर्ड हाई को छूकर लौटा सोना अब एक लाख 25 हजार के स्तर से भी नीचे है। मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में 1,200 रुपए की गिरावट आई।
इसके साथ ही सोने की कीमत 1,24,100 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाली इस बहुमूल्य धातु की कीमत 1,200 रुपये की गिरावट के साथ 1,23,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई। वहीं चांदी भी 2,500 रुपए की भारी गिरावट के साथ 1,51,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। विशेषज्ञों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के कई अधिकारियों की टिप्पणियों से अगले महीने ब्याज दरों में कटौती की उम्मदें धूमिल हुई।
सोने चांदी की कम होती कीमतों के पीछे विशेषज्ञो ने मजबूत डॉलर और फेडरल रिजर्व के कई अधिकारियों की आक्रामक टिप्पणियों को भी एक बड़ा कारण बताया है। ज्ञात रहे कि गत दिवस फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने अगले महीने ब्याज दरों में कटौती की संभावना को खारिज कर दिया।
एशिाया व यूरोपीय बाजारों में गिरावट का असर
विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और एशियाई व यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख के बीच मंगलवार को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। सोमवार को यूरोप के बाजार नकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे, जबकि अमेरिकी बाजार अधिकतर बढ़त के साथ बंद हुए।
इस तरह बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 519.24 अंक या 0.62 प्रतिशत गिरकर 83,459.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 565.72 अंक या 0.67 प्रतिशत गिरकर 83,412.77 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 165.70 अंक या 0.64 प्रतिशत गिरकर 25,597.65 अंक पर बंद हुआ।