- श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा वर्षा रही प्रथम
Jind News, आज समाज , जींद। राजकीय महिला महाविद्यालय में प्राचार्य जयनारायण गहलोत की अध्यक्षता में संस्कृत विभाग के द्वारा गीता जयंती के उपलक्ष में गीता श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता एवं गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रतियोगिता में बढ़चढ़ कर भाग लिया। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गीता के विभिन्न अध्यायों के चयनित श्लोकों का शुद्ध उच्चारण, स्वर सौन्दर्य एवं भावार्थ सहित प्रस्तुतीकरण किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रश्न गीता के अध्यायों, महत्वपूर्ण सिद्धांतों, पात्र चरित्र एवं गीता के ऐतिहासिक दार्शनिक पक्ष पर आधारित थे। जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गीता ज्ञान के प्रति गहरी रुचि प्रदर्शित की। निर्णायक मंडल के रूप में डा. अमरजीत कौर, डॉ. उर्मिल शर्मा, एवं अनीता देवी ने उत्कृष्ट भूमिका निभाई। निर्णायक मंडल ने उच्चारण की शुद्धता, भावाभिव्यक्ति तथा आत्मविश्वास के आधार पर मूल्यांकन किया।
जीवन-प्रबंधन का सार्वभौमिक मार्गदर्शक
श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा वर्षा, द्वितीय स्थान पर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अन्नु और तृतीय स्थान पर बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा ईशा रही। महाविद्यालय के प्राचार्य जयनारायण गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नही बल्कि जीवन-प्रबंधन का सार्वभौमिक मार्गदर्शक है। जो युवा पीढ़ी को कर्तव्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में संस्कृत विभागाध्यक्षा डा. सुमन ने प्राचार्य जयनारायण गहलावत, सहायक प्रोफेसर अजीत सिंह, निर्णायक मंडल एवं सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। यह आयोजन महाविद्यालय की छात्राओं से संबंधित सांस्कृतिक एवं वैचारिक गतिविधियों में एक महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध हुआ और विद्यार्थियों में भगवद्गीता के अध्ययन के प्रति नई प्रेरणा प्रदान करने में सफल रहा।
यह भी पढ़े : Jind News : मौत के दस दिन बाद फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जुटाए साक्ष्य