Punjab Crime News : गैंगस्टर अमृत दालम को मोल्डोवा सीमा से किया गिरफ्तार

0
170
Punjab Crime News : गैंगस्टर अमृत दालम को मोल्डोवा सीमा से गिरफ्तार
Punjab Crime News : गैंगस्टर अमृत दालम को मोल्डोवा सीमा से गिरफ्तार

केंद्रीय एजेंसियों ने रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हासिल की सफलता

Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए खतरनाक गैंगस्टर जोकि विदेश में छिपा हुआ था को रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर गिरफ्तार कराने में सफलता हासिल की है। इस संबंधी जानकारी देते हुए पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि वांछित गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दालम को मोल्डोवा सीमा से हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी आज पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी। बताया गया है कि फरार आरोपी अमृतपाल दालम को पंजाब पुलिस के अनुरोध पर विदेश मंत्रालय (एम ई ए ), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी बी आई ), इंटरपोल और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से जारी इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया।

पंजाब सरकार ने चलाया है विशेष अभियान

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निदेर्शों पर पंजाब पुलिस ने हाल ही में इंस्पेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (आईजीपी) काउंटर इंटेलिजेंस अशिश चौधरी की अगुवाई में ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओ एफ टी ई सी) का गठन किया है, ताकि विदेशों में छिपे अपराधियों को ट्रैक कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत पंजाब वापस लाया जा सके।

बटाला के दालम नंगल गांव का रहने वाला है गैंगस्टर

जानकारी के अनुसार बटाला के दालम नंगल गांव का रहने वाला अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दालम जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा हुआ है और वह नकली पासपोर्ट की मदद से विदेश भाग गया था। आरोपी विशेष रूप से अमृतसर क्षेत्र में बड़ी हस्तियों और कारोबारियों को निशाना बनाकर फोन के माध्यम से फिरौती मांगने की गतिविधियों में सक्रिय रहा है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतपाल सिंह पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

उन्होंने कहा कि लगातार अंतरराष्ट्रीय समन्वय और पंजाब पुलिस एजेंसियों की निरंतर कार्रवाई के चलते अमृत दालम को हिरासत में लेने में सफलता मिली है। उसकी प्रत्यर्पण/डिपोर्टेशन प्रक्रिया के लिए कानूनी और कूटनीतिक कार्यवाही जारी है, ताकि उसे जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके। डीजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस का ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओ एफ टी ई सी) इस समय विदेशों में छिपे विभिन्न अपराधियों को पकड़ने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।