जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 45 मेडल
Republic Day 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस 2026 पर केंद्र सरकार ने गैलेंट्री अवॉर्ड्स और सेवा मेडल की घोषणा की है। इस बार 982 पुलिस, फायर ब्रिगेड, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शनल सर्विस से जुड़ें कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों में 125 वीरता पदक (गैलेंट्री मेडल्स) भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 45 वीरता पदक जम्मू और कश्मीर आॅपरेशन थिएटर में तैनात कर्मियों को दिए गए हैं। इसके बाद नक्सल हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के 35 और पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैनात 5 कर्मियों को दिए गए हैं।
फायर ब्रिगेड सर्विस के 4 बचावकर्मी भी वीरता पदक विजेताओं में चुने गए हैं। 982 वीरता और सेवा मेडल में से 125 गैलेंट्री मेडल हैं। 101 प्रेसिडेंट मेडल और 756 मेरिटोरियस सर्विस मेडल हैं। जम्मू और कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 33 वीरता पदक दिए गए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस को 31 मेडल, उत्तर प्रदेश पुलिस को 18 मेडल और दिल्ली पुलिस को 14 मेडल दिए गए हैं।
सीआरपीएफ के 12 जवानों को मिलेगा वीरता पुरस्कार
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सीआरपीएफ एकमात्र फोर्स है जिसे 12 पदकों के साथ वीरता पुरस्कार मिले हैं। सीबीआई के 31 अधिकारियों को प्रेसिडेंट मेडल और मेरिटोरियस मेडल से मिले हैं। इनमें आरजी कर रेप-मर्डर केस की जांच करने वाले सीबीआई के जॉइंट डायरेक्टर वी चंद्रशेखर भी शामिल हैं। चंद्रशेखर ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप-मर्डर केस की जांच की थी।
जानिए अवॉर्ड्स के बारे में
वीरता पदक किसी व्यक्ति को वीरता के दुर्लभ असाधारण कार्य, जीवन-संपत्ति बचाने, अपराध को रोकने, अपराधियों को गिरफ्तार करने में असाधारण वीरता के लिए दिया जाता है। संबंधित अधिकारी के दायित्व-कर्तव्य को ध्यान में रखकर जोखिम का अनुमान लगाया जाता है। प्रेसिडेंट सेवा मेडल सेवा में विशेष विशिष्ट रिकॉर्ड के लिए दिया जाता है। मेधावी सेवा मेडल सेवा संसाधन और कर्तव्यनिष्ठा से की जाने वाली मूल्यवान सेवा के लिए दी जाती है।
यह भी पढ़ें : Indian Army Day: अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ आपरेशन सिंदूर : राजनाथ सिंह


