चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने किया विकसित, एक ट्रैप की कीमत 130 रुपए
Fruit Fly Trap, (आज समाज), चंडीगढ़: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग द्वारा फल मक्खी प्रबंधन के समाधान के लिए कम कीमत का फ्रूट फ्लाई ट्रैप विकसित किया गया है। बागवानी फसलों पर कीटों के कारण काफी नुकसान और इसकी गुणवत्ता पर भी प्रभाव पड़ता है। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो।बी आर काम्बोज ने ट्रैप का शुभारंभ करते हुए कीट विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों को बधाई दी।

कुलपति प्रो। काम्बोज ने कहा कि शोध एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। कीटनाशकों के प्रयोग को कम करके आॅर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने और इसके बढ़ते खर्चे को कम करने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है।

मक्खी के कितने नुकसान

हरियाणा में बागवानी फसलों व सब्जियों का क्षेत्रफल बढ़ता जा रहा है। इन फसलों पर कई तरह के कीट नुकसान पहुंचाते हैं। इनमें मुख्य रूप से फल मक्खी का आक्रमण सबसे अधिक होता है। यह अकेले 90 से 100 प्रतिशत अमरूद, 85 से 90 प्रतिशत किन्नू, 80 प्रतिशत नाशपाती, 78 प्रतिशत आड़ू और 30 प्रतिशत तक आम की फसल में नुकसान कर सकती है।

कुलपति प्रोफेसर काम्बोज बताया कि फल मक्खी तरबूज, खरबूजा, खीरा, तोरई, करेला, कद्दू और परवल जैसी फसलों में किसानों को 30 से 80 प्रतिशत तक उत्पादन की हानि उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि इस ट्रैप के उपयोग से कीटनाशकों पर निर्भरता घटेगी, किसानों की लागत कम होगी और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षित फल और सब्जियां उपलब्ध हो सकेंगी।

एक एकड़ फसल में कितनी ट्रैप?

अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि इस ट्रैप की कीमत 130 रुपए प्रति ट्रैप रखी गई है। इसके साथ उपयोग होने वाला सेप्टा 100 रूपए प्रति नग उपलब्ध है। एक एकड़ फसल में 14 से 16 ट्रैप लगाने की सिफारिश की जाती है। उन्होंने बताया कि इस ट्रैप को खेत में टहनी या खूंटी पर आसानी से लगाया जा सकता है।

सेप्टा को समय-समय पर बदलकर प्रयोग में लाया जा सकता है। कीट विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. सुनीता यादव ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि बागवानी फसलों में ट्रैप लगाने से फल मक्खी के नर कीट ट्रैप में फस कर मर जाते हैं, और प्रजनन क्रिया कम होने से इस कीट की संख्या घट जाती है। इस कीट के प्रोढ़ (नर व मादा) का जीवन चक्र काफी दिनों का होता है, इसलिए इन्हें ट्रैप द्वारा पकड़ना प्रभावी रहता है।

ये भी पढ़ें : घरेलू नुस्खों से बनाएं असरदार जैविक कीटनाशक