सूफी गायक कंवर ग्रेवाल, महाभारत सीरियल के दुर्योधन और अनूप जलोटा देंगे प्रस्तुति, गीता यज्ञ आज
International Geeta Mahotsav, (आज समाज), कुरुक्षेत्र: अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज हो चुका है। सरस और क्राफ्ट मेल लग चुका है। आज महोत्सव के तीसरे दिन की शुरुआत गीता यज्ञ से होगी। सन्निहित सरोवर पर महर्षि दधीचि की प्रतिमा स्थल पर श्रीमदभगवद्गीता पाठ यज्ञ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से शुरू होंगे 1 दिसंबर तक चलेंगे। इस बीच 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरु तेगबहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। अब यह कार्यक्रम ज्योतिसर यानी गीता उपदेश स्थली पर होगा।
25 नवंबर को पीएम मोदी महोत्सव में भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक रंगमंच बन जाएगा, जहां पर प्रसिद्ध सूफी गायक कंवर ग्रेवाल सांस्कृतिक संध्या की शान बढ़ाएंगे। वहीं टीवी स्टार एवं महाभारत सीरियल के दुर्योधन पुनीत ईस्सर, लीजेंडरी गायक सुरेश वाडेकर और भजन सम्राट अनूप जलोटा जैसे दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रमों की सूची
- 25 नवंबर: सूफी की जादुई दुनिया में ले जाएंगे कंवर ग्रेवाल। उनकी मधुर आवाज में गीता के संदेश सूफी अंदाज में गूंजेंगे।
- 26 नवंबर: टीवी के लोकप्रिय चेहरे पुनीत ईस्सर महाभारत की कहानियों को जीवंत करेंगे, अपनी अभिनय कला से दर्शकों को युद्धभूमि कुरुक्षेत्र की याद दिलाएंगे।
- 27 नवंबर: सुरेश वाडेकर की आवाज में गीता के भजनों का गुणगान होगा।
- 28 नवंबर: रामायण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, जो मयार्दा पुरुषोत्तम श्रीराम के माध्यम से गीता के नैतिक मूल्यों को उजागर करेगी।
- 29 नवंबर: डॉ. हरिओम पंवार की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
- 30 नवंबर: साध्वी पूर्णिमा का आध्यात्मिक प्रवचन और भक्ति गान होगा।
- 1 दिसंबर: मुख्य कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा अपनी प्रस्तुति से महोत्सव को विदाई देंगे।
अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार में 16 देशों के 25 विद्वान लेंगे हिस्सा
24 नवंबर को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में 3 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का शुभारंभ होगा। इस सेमिनार में विद्वान और शोधार्थी गीता पर अपनी रिसर्च प्रस्तुत करेंगे। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से 16 देशों के 25 विद्वान हिस्सा लेंगे। साथ ही पहली बार विदेश मंत्रालय के जरिए 51 देशों में महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
7 देशों के 25 शिल्पकार करेंगे कला का प्रदर्शन
फिजी और त्रिनिदाद से 20 पंडित 2 दिनों के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। वे महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जो गीता के वैश्विक प्रभाव को रेखांकित करेगा। इसके अलावा, 7 देशों के 25 शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जो सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अनूठा मंच साबित होगा।
15 नवंबर से 5 दिसंबर तक प्रतिदिन होगी महाआरती
15 नवंबर से 5 दिसंबर तक ब्रह्म सरोवर के पावन तट पर प्रतिदिन महाआरती का आयोजन होगा। 1 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ और भागवत कथा का विशेष आयोजन होगा। ब्रह्मसरोवर पर ही 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेला लगेगा, जहां 100 से ज्यादा भाषाओं में गीता की प्रदर्शनी होगी।
28 नवंबर से जिला मुख्यालयों पर शुरू होंगे कार्यक्रम
28 नवंबर से महोत्सव के कार्यक्रम हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर शुरू होंगे। गीता जयंती (1 दिसंबर) के अवसर पर प्रत्येक जिले में 1800 विद्यार्थी मिलकर गीता का वैश्विक पाठ करेंगे।
ये भी पढ़ें: किक बॉक्सर साहिल और जेवलिन थ्रोअर अन्नू कल बंधेंगे शादी के बंधन में