अगले एक सप्ताह तक बारिश से नहीं मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Monsoon Update (आज समाज), नई दिल्ली : देश में इस समय मानसून न केवल पूरी तरह से एक्टिव है बल्कि मानसूनी बारिश कहर बरपा रही है। एक तरफ जहां पहाड़ी राज्यों में बादल फटने और लैंड स्लाइडिंग होने से जानी नुकसान हो रहा है वहीं आर्थिक नुकसान भी भारी मात्रा में हो रहा है। वहीं यूपी, राजस्थान और अन्य कई राज्यों में नदियां खतरे के निशान से या तो ऊपर बह रहीं हैं या फिर खतरे के निशान के आसपास। जिससे लगातार बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ना लगभग तय है।
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में लैंड स्लाइडिंग जारी
मानसूनी बारिश से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में लैंड स्लाइडिंग का दौर लगातार जारी है। खासकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हर साल की तरह इस बार भी मानसूनी सीजन के दौरान बादल फटने और पहाड़ गिरने से जानी नुकसान जारी है। शनिवार को मूसलाधार बारिश के बीच पहाड़ से पत्थर गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। किन्नौर कैलाश यात्रा गए एक श्रद्धालु का शव भी मिला है। पहाड़ से मलबा आने से नालागढ़ के कुमारहट्टी के समीप एक कृत्रिम झील बन गई है, जो कभी भी बड़े खतरे का कारण बन सकती है।
दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर की धर्मनगरी कटड़ा में रविवार की सुबह लगभग पांच घंटे मां वैष्णो देवी के दरबार और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। इस बारिश से यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं के कदम थम गए। भारी धुंध के कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। इसके चलते अधिकांश श्रद्धालुओं को पैदल यात्रा करनी पड़ी, जबकि कई श्रद्धालु घोड़े, पिट्ठू और पालकी के सहारे भवन की ओर रवाना हुए।
इन राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर अगले सात दिन भारी बारिश की संभावना जताई है। 13 अगस्त उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर 21 सेमी तक वर्षा हो सकती है। पूर्व मध्य भारत और उससे सटे उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में बारिश होने की संभावना है। 13 से 16 अगस्त के दौरान तेलंगाना, मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश भारी वर्षा का एक नया दौर शुरू होगा। इसके साथ ही उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राजधानी दिल्ली व एनसीआर में भी आने वाले दिनों में सामान्य से भारी बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Today Breaking News : हमें जल्द एक और युद्ध के लिए तैयार रहना होगा : जनरल द्विवेदी