सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में अब प्रॉपर्टी खरीदना और बेचना महंगा हो जाएगा। सीएम नायब सैनी ने कलेक्टर रेट बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। अब हरियाणा में एक अगस्त से नए कलेक्टर रेट पर ही रजिस्ट्रियां होगी। सीएम से कलेक्टर रेट बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद से प्रदेश की सभी तहसीलों में रजिस्ट्री के अपॉइंटमेंट को फ्रीज कर दिया गया है।

आज और कल हरियाणा में कहीं पर भी रजिस्ट्रियां नहीं होगी। अब 1 अगस्त से नए कलेक्टर रेट पर रजिस्ट्रियां होगी। रेवेन्यू डिपार्टमेंट के सूत्रों का कहना है कि इसको लेकर आज सभी जिलों के डीसी को लेटर जारी कर दिया जाएगा। नए कलेक्टर रेट पर रजिस्ट्रियां होने से सरकार के राजस्व में वृद्धि होगी।

5 से 25 फीसदी तक होंगी दरों में बढ़ोतरी

नए कलेक्टर रेट के लिए विभिन्न स्थानों पर 5 से 25 % तक की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया था। बता दें कि पिछले साल पहले लोकसभा और फिर विधानसभा चुनाव होने की वजह से 1 अप्रैल 2024 की बजाय 1 दिसंबर 2024 से कलेक्टर रेट बढ़ाए गए थे। उसके बाद 1 अप्रैल 2025 से कलेक्ट रेट बढ़ाना टाल दिया गया था, जो अब बढ़ाए जा रहे हैं।