Fresh Snowfall In Northern Hills: जम्मू-कश्मीर, से उत्तराखंड तक बर्फ से लदे पहाड़, पर्यटकों से गुलजार गुलमर्ग, मसूरी, शिमला

0
684
Fresh Snowfall In Northern Hills
मनाली में नए साल के जश्न से पहले पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच सोलंगनाला और अटल सुरंग रोहतांग में ताजा हिमपात से ढके वाहन।

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली,(Fresh Snowfall In Northern Hills): जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों पर नए साल से पहले जमकर बर्फबारी हुई है और सभी होटल व पर्यटक स्थल पर्यटकों से फुल हो गए हैं। बीते 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत कई जिलों में बारिश और बर्फबारी हुई है। मौसम में बदलाव से कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। प्रदेश में अधिकतर इलाकों में आज मौसम साफ है और बर्फबारी से गुलमर्ग और पहलगाम को छोड़कर पूरी घाटी में न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ है।

बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। पहलगाम में पांच इंच, कुपवाड़ा में आठ इंच और कोकेरनाग में दो इंच बर्फ गिरी है। जिला राजौरी और पुंछ को शोपियां से जोड़ने वाले मुगल रोड पर भी यातायात बहाल नहीं किया जा सका है। पर्यटन स्थलों पर सफेद चादर बिछने से सैलानियों की आमद बढ़ी है। उधर जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भूस्खलन होने के कारण यातायात के लिए ठप हो गया है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुला रहा।

हिमाचल : पर्यटन नगरी डलहौजी में सीजन की पहली बर्फबारी

हिमाचल की पर्यटन नगरी डलहौजी में कल सीजन की पहली बर्फबारी हुई। शहर व आसपास पर्यटकों से गुलजार हो गया है। शिमला, धर्मशाला और चंबा में गुरुवार रात को बारिश हुई। ताजा बर्फबारी होने से दो नेशनल हाईवे (एनएच) समेत 134 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। इनमें 121 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। प्रदेश भर में 23 ट्रांसफार्मर, सात पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। लाहौल को जोड़ने वाला मनाली-लेह मार्ग अटल टनल में ताजा बर्फबारी से बंद हो गया है।

प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड

लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला के अधिकांश क्षेत्र बर्फबारी से कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी के बाद पर्यटन नगरी डलहौजी पर्यटकों से गुलजार रही। किन्नौर जिले के छितकुल, कल्पा, आसरंग, कुमारसैन उपमंडल के नारकंडा और आनी के जलोड़ी जोत में भी बर्फबारी हुई है। जिला कांगड़ा में धौलाधार की पहाड़ियों और अन्य पर्वतीय इलाकों में गुरुवार देर रात हिमपात हुआ।

आज प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ

प्रदेश के सभी क्षेत्रों में आज मौसम साफ बने रहने का अनुमान है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सोलन के कुछ क्षेत्रों में 3 जनवरी तक सुबह और शाम के समय धुंध छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शुक्रवार सुबह भी राजधानी शिमला सहित कई जगह धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

उत्तराखंड सरकार ने जारी की हैं गाइडलाइन

उत्तराखंड में भी पर्यटन स्थलों पर होटल पूरी तरह पैक हैं। मसूरी, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार समेत तमाम स्थलों में अधिकांश होटल फुल हो गए हैं। नव वर्ष का जश्न मनाने बड़ी संख्या में टूरिस्ट पहुंचे हैं। सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार ने गाइडलाइन जारी की है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम भी किए गए हैं।

होटल-रेस्टोरेंट, ढाबे  दो जनवरी तक 24 घंटे खोले रखने की छूट

प्रदेश सरकार ने नववर्ष के उत्सव के बहाने शीत पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देश और विदेश के पर्यटकों के स्वागत के लिए लाल कारपेट बिछा दी है। पर्यटकों की सुविधा के लिए होटल-रेस्टोरेंट, ढाबे, चाय और खान-पान की दुकानों को दो जनवरी तक 24 घंटे खोले रखने की छूट दी गई है। इतना ही नहीं चार दिनों तक प्रदेश में शराब की दुकानें और ठेके भी 24 घंटे खोले जा सकेंगे।

Connect With Us: Twitter Facebook
SHARE