French President’s visit to India : फ्रांस के राष्ट्रपति चौथी भारत यात्रा पर पहुंचे मुंबई

0
137
French President's visit to India : फ्रांस के राष्ट्रपति चौथी भारत यात्रा पर पहुंचे मुंबई
French President's visit to India : फ्रांस के राष्ट्रपति चौथी भारत यात्रा पर पहुंचे मुंबई

यह यात्रा भारत-फ्रांस की सक्रिय रणनीतिक साझेदारी को और गति देगी

French President’s visit to India (आज समाज), मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी चौथी भारत यात्रा पर मुंबई पहुंच गए हैं। उनके साथ फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों भी हैं। ज्ञात रहे कि फ्रांस राष्टÑपति की यह तीन दिवसीय भारत यात्रा दोनों देशों के आपसी संबंधों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उनकी यह यात्रा 19 फरवरी तक चलेगी। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रॉन के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता नवाचार वर्ष 2026 का शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा भारत-फ्रांस की सक्रिय रणनीतिक साझेदारी को और गति देगी।

राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत

फ्रांसीसी राष्ट्रपति और प्रथम महिला का मुंबई के हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स पर लिखा, फ्रांस गणराज्य के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का हार्दिक स्वागत। मुंबई हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

दोनों देशों में होंगे कई अहम समझौते

विश्लेषकों के मुताबिक यह यात्रा रक्षा-तकनीक, औद्योगिक सहयोग और वैश्विक सामरिक संतुलन के व्यापक एजेंडे को आगे बढ़ाने का अवसर है। राष्ट्रपति मैक्रों की इस यात्रा और दोनों देशों के बीच होने वाले समझौतों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की पैनी नजर बनी है। पीएम मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकी, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, संयुक्त नौसैनिक अभ्यास व खुफिया साझेदारी, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और वैश्विक भू-राजनीतिक मुद्दे केंद्र में रहने की उम्मीद है। दोनों देशों ने हाल के वर्षों में अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी से आगे बढ़ाकर व्यापक वैश्विक साझेदारी का रूप दिया है।

दोनों नेता एआई इंपैक्टस समिट में लेंगे भाग

राष्ट्रपति मैक्रों और प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त रूप से इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस और साइबर सुरक्षा जैसे मुद्दों पर साझेदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा। दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार फोरम के तहत नवाचार, स्टार्ट-अप सहयोग, उच्च शिक्षा और अनुसंधान में संयुक्त परियोजनाओं पर ठोस फैसले भी सकते हैं।

ये भी पढ़ें : Business News : यूरोपीय बैंक भारत में खोलेंगे अपनी शाखाएं : वित्त मंत्री