Punjab Crime News : अवैध हथियारों के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

0
155
Punjab Crime News : अवैध हथियारों के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
Punjab Crime News : अवैध हथियारों के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग शामिल, आरोपियों से 7 पिस्तौल बरामद

Punjab Crime News (आज समाज), अमृतसर। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चार व्यक्तियों को, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, सात आधुनिक पिस्तौल सहित गिरफ्तार करके सरहद पार से हथियारों की तस्करी के माड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी देते हुए डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदर (32), जाबनबीर सिंह उर्फ जाबन (23), दोनों निवासी गांव लधेवाल, अमृतसर, गांव भूसे, तरन तारन के निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लव और एक 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है।

आरोपियों से ये हथियार हुए बरामद

बरामद की गई पिस्तौलों में दो .30 बोर पीएक्स 5 स्टार्म, इटली निर्मित दो .30 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर चीनी पिस्तौल, आस्ट्रिया निर्मित एक .30 बोर और एक 9 एमएम पिस्तौल तथा 12 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस टीमों ने मुलजिमों का मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उक्त मुलजिम सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे।

उन्होंने बताया कि अवैध हथियारों की खेप अटारी सेक्टर में गांव भैणी और नेश्टा क्षेत्र के पास ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी। डीजीपी ने बताया कि अपने हैंडलरों के निर्देश पर काम करते हुए उक्त मुलजिम निर्धारित जगहों से खेपें प्राप्त करके इन्हें आगे अपने स्थानीय गुर्गों को सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पदार्फाश करने के लिए इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।

इस तरह मिली पुलिस को सफलता

पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई संबंधी विवरण साझा करते हुए कहा कि आरोपी गुरविंदर उर्फ गिंदर, जाबनबीर उर्फ जाबन और लवप्रीत उर्फ लव को छह पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था।उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान उनका चौथा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसके बाद पुलिस टीमों ने अपनी तलाश जारी रखी और तेजी से कार्रवाई करते हुए अगले दिन उक्त नाबालिग आरोपी को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुरविंदर उर्फ गिंदर और लवप्रीत उर्फ लव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही नाबालिग आरोपी के खिलाफ अमृतसर देहाती के पुलिस थाना घरिंडा में असला एक्ट के तहत पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें उसके पास से तीन पिस्तौल बरामद की गई थीं।