जयपुर-आगरा हाईवे पर दौसा के कलेक्ट्रेट चौराहे के पास कैंटर में घुसी कार
Rohtak News (आज समाज) रोहतक: जयपुर-आगरा हाईवे पर दौसा के कलेक्ट्रेट चौराहे के पास हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के रोहतक के 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब सवा बारह बजे की है। मरने वालों में रोहतक के खेड़ी साध क्षेत्र के रहने वाली प्रमिला देवी (40), उसकी बेटी साक्षी (16), बेटा दीपांशु (20) और एक अन्य महिला पारो देवी (60) शामिल है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। प्राप्त जानकारी अनुसार दौसा के कलेक्ट्रेट चौराहे के पास आरटीओ आॅफिस के सामने हाईवे किनारे चेकिंग के लिए एक कैंटर को रोका गया था। तभी पीछे से हरियाणा नंबर की कार कैंटर में आ घुसी।
आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार को कैंटर से किया गया अलग
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार को कैंटर से अलग किया जा सका। कार सवार बुरी तरह गाड़ी में फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें निकाला जा सका। घायलों को दौसा के सरकारी हॉस्पिटल भिजवाया गया, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे की सूचना पर डिप्टी एसपी रविप्रकाश शर्मा और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
यह भी पढ़े : हरियाणा में बारिश का अलर्ट
यह भी पढ़े : युद्ध में शहीद हुए अग्निवीरों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए देगी हरियाणा सरकार, अधिसूचना जारी