दिल्ली में परिवार का काल बनकर आई आंधी

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में गुरुवार व शुक्रवार की दरमियानी रात तेज आंधी चली। इसी दौरान बारिश का दौर भी जारी रहा। दिल्ली में आंधी से दर्जनों जगह पेड़ गिरने से काफी ज्यादा नुकसान हुआ। दर्जनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुर्इं और इंदिरा गांधी अंतरराष्टÑीय हवाई अड्डे की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं द्वारका के खरखरी नहर गांव में खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय ज्योति और उसके तीन बच्चों के रूप में हुई है। उसके पति अजय को मामूली चोटें आई हैं। दिल्ली पुलिस ने इसकी जानकारी दी है।

सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य ट्यूबवेल के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी से कमरे के पास खड़ा पेड़ कमरे की छत पर गिर गया। जो पेड़ कमरे की छत पर गिरा वह नीम का था और काफी ज्यादा भारी था। इसके भार के तले दबने से कमरे की छत गिर गई। जिससे परिवार के लोग इसकी चपेट में आ गए। खेत में हादसा होने के कारण काफी देर बाद उनको मलबे से बाहर निकाला जा सका। मलबे की चपेट में आने से घायल हुए लोगों को राव तुला अस्पताल जाफरपुर कलां में ले जाया गया। जहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया मौसम में बदलाव

मौसम विभाग का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते ही मौसम में यह बदलाव आया है। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस कारण से तापमान 34 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 1 मई की रात से 4 मई की सुबह तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, 5 और 6 मई को शाम के समय आंधी-तूफान और बादल गरजने की गतिविधियां रहेंगी। इससे पहले मौसम विभाग एक से दो मई के लिए बारिश व आंधी का यलो अलर्ट जारी कर चुका है।

ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : दिल्ली पुलिस के सहायक बने सीसीटीवी कैमरे