Amritsar Crime News : अमृतसर में 4 किलो हेरोइन, 3.90 लाख रुपए सहित चार काबू

0
130
Amritsar Crime News : अमृतसर में 4 किलो हेरोइन, 3.90 लाख रुपए सहित चार काबू
Amritsar Crime News : अमृतसर में 4 किलो हेरोइन, 3.90 लाख रुपए सहित चार काबू

पकड़े गए आरोपी विदेश और जेल में बैठे हैंडलरों के कहने पर कर रहे थे नशा तस्करी

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने विदेश आधारित तस्करों से जुड़े ड्रग सप्लाई मॉड्यूल के चार सदस्यों को 4 किलो हेरोइन, 3.90 लाख रुपए की ड्रग मनी और एक .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन तथा पांच जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पदार्फाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान युवराज सिंह निवासी रोडीवाल, अमृतसर, वरिंदर सिंह निवासी धौल कलां, अमृतसर, जगरूप सिंह निवासी संगना, अमृतसर और जुगराज सिंह निवासी सरकारिया एन्क्लेव, अमृतसर के रूप में हुई है।

इस तरह मिली पुलिस को कामयाबी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलर लखविंदर सिंह उर्फ़ बाबा लक्खा के सहयोगी युवराज और वरिंदर ने अजनाला सेक्टर से हेरोइन की एक खेप प्राप्त की है और वे संभावित रूप से इस खेप को अमृतसर में गुरुद्वारा मोर्चा साहिब के पास संदिग्ध जग्गरूप सिंह को डिलीवर करेंगे। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने जाल बिछाया और तीनों आरोपियों को नशीले पदार्थों की खेप और पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान हुआ यह खुलासा

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी जगरूप सिंह ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि वह दया सिंह उर्फ प्रीत सेखों, जो इस समय श्री मुक्तसर साहिब की केंद्रीय जेल में बंद है, के निर्दश पर काम कर रहा था और प्रीत सेखों ने उसे गुरुद्वारा मोर्चा साहिब के पास से हेरोइन की खेप प्राप्त करने के निर्देश दिए थे। डीजीपी ने बताया कि आगे की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों—युवराज और वरिंदर—ने अपने एक अन्य साथी जुगराज सिंह के बारे में खुलासा किया, जिसे बाद में अमृतसर सिटी से 3.90 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले की आगे की जांच जारी है। इस मामले में आने वाले दिनों में अभी और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।