पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने 5.5 लाख रुपए की नकली करेंसी बरामद की
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान में उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब पुलिस ने नकली करेंसी सहित आरोपियों को काबू किया। यह सफलता काउंटर इंटेलिजेंस पटियाला (सीआई यूनिट मलेरकोटला) को मिली। जिसने जाली करेंसी मॉड्यूल में शामिल चार व्यक्तियों को 5.50 लाख रुपये की नकली करेंसी सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान नाजर खान निवासी गांव झुनीर, मलेरकोटला, राज मोहम्मद निवासी धूरी, संगरूर, मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह निवासी गांव मलिकपुर, जींद, हरियाणा और आसिफ अली निवासी मलेरकोटला के रूप में हुई है।
आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद की गई नकली भारतीय करेंसी में सभी 500 रुपये के नोट हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किया गया राज मोहम्मद आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट से संबंधित एक एफआईआर दर्ज है। डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
इस आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एआईजी सीआई पटियाला डॉ. सिमरत कौर ने बताया कि सीआई यूनिट मलेरकोटला की टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों — नाजर खान और राज मोहम्मद — को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 4 लाख रुपये के नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि आगे की जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों — मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह और आसिफ अली — को भी गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1.5 लाख रुपये के अन्य नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद किए गए। एआईजी ने कहा कि आगे की जांच के दौरान आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां एवं बरामदगियां होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : हादसे का शिकार हुई तेज रफ्तार कार, चार की मौत


