एक्स पर लिखा मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के खरड़ की विधायक अनमोल गगन मान ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। मान ने एक्स पर लिख कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से स्पीकर को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी। अनमोल गगन मान पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री रह चुकी हैं।
इस तरह रहा राजनीतिक सफर
अनमोल गगन मान का पंजाबी गायिका से मंत्री तक का सफर काफी दिलचस्प है। उन्होंने साल 2020 में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के प्रत्यशी रणजीत सिंह गिल को करीब 37718 मतों से हराया था। 2022 विधानसभा चुनाव में जीतने वालीं वह सबसे युवा नेताओं में से एक हैं। अनमोल गगन मान ने पार्टी का कैंपेन गीत भी तैयार किया था।
माडलिंग और सिंगिंग के बाद राजनीति में आई
अनमोल गगन मान का जन्म 1990 में मानसा में हुआ था। उनकी पढ़ाई-लिखाई चंडीगढ़ से हुई। इसके बाद उन्होंने पहले माडलिंग फिर गायकी में अपना कैरियर बनाया। पिछले साल जून में एडवोकेट शाहबाज सोही के साथ उनकी शादी हुई थीं। अनमोल गगन मान के इस्तीफे पर कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने प्रतिक्रिया दी है।
सुखपाल खैहरा ने कसा तंज
गगन अनमोल मान के इस्तीफे के बाद सुखपाल खैहरा ने एक्स पर लिखा-अनमोल गगन मान का राजनीति छोड़ने का फैसला आप सुप्रीमों के पूर्ण विश्वासघात को दर्शाता है। मान आम आदमी पार्टी की इस्तेमाल करो फेंक दो वाली गंदी राजनीति की पहली शिकार नहीं हैं, बल्कि प्रशांत भूषण से लेकर गुरप्रीत घुग्गी तक लंबी सूची है। भगवंत मान सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अनमोल गगन मान के इस्तीफे पर कहा कि पंजाब आप में सब कुछ ठीक नहीं है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : युवाओं में पढ़ने की आदत को प्रोत्साहन देना जरूरी : मान