बरवाला से रहे विधायक, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने जताया दुख
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार की बरवाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे इंद्र सिंह नैन का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। इंद्र सिंह नैन लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हैं। इंद्र सिंह नैन कुछ समय से बीमार चल रहे थे और उनका हिसार के जिंदल अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह कांग्रेस के टिकट पर 1982 में विधानसभा चुनाव लड़े और जीते। इसके बाद वह 1987 तक बरवाला से विधायक रहे।
उनके निधन पर बरवाला के मौजूदा विधायक व सरकार में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने दुख जताया है। पूर्व विधायक के निधन से गांव हसनगढ़ में गम का माहौल है। निधन का समाचार मिलने के साथ ही ग्रामीण उनके पैतृक आवास के आगे इकट्ठा होने शुरू हो गए थे।
भतीजे जयवीर ने दी मुखाग्नि
पूर्व विधायक की उनके पैतृक गांव हसनगढ़ में अंतिम यात्रा निकाली गई, जो गांव के श्मशान घाट पर जाकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शामिल हुए। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। भतीजे जयवीर ने मुखाग्नि दी।
भतीजे एडवोकेट जयवीर नैन को लिया हुआ हैं गोद
पूर्व विधायक इंद्र सिंह नैन के कोई संतान नहीं है। उन्होंने अपने भतीजे एडवोकेट जयवीर नैन को गोद लिया हुआ है। इंद्र सिंह नैन कांग्रेस सरकार में हैफेड के चेयरमैन रहे। इस दौरान उन्होंने अपने गांव सहित कई गांवों में किसानों के लिए अनाज बिक्री केंद्र बनाए थे। इंद्र सिंह नैन से बंसीलाल के साथ हरियाणा विकास पार्टी (हविपा) में शामिल होकर नरवाना विधानसभा से भी चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।
ये भी पढ़ें : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे अंबाला एयरपोर्ट का उद्घाटन