विजिबिलिटी 5 से 20 मीटर तक
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा के अधिकांश जिलों में सोमवार को भी घना कोहरा छाया है। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 5 से 20 मीटर तक रही। इस दौरान वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि 15 दिसंबर को सुबह के समय मध्यम से गहरी धुंध और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं 16 और 17 दिसंबर को उत्तर व उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट जबकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर के तीसरे सप्ताह से रातें और ठंडी होंगी, जिससे फसलों पर हल्का पाला पड़ने की संभावना भी बढ़ेगी। इसके अलावा प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली एनसीआर से जुड़े जिलों में ग्रैप-4 की पाबंदियां लागू की गई है। इनमें कंस्ट्रक्शन कई कार्यों पर बैन रहेगा।
सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों के परिजनों को मिलेंगे 2.5 लाख रुपए
घने कोहरे के कारण सूबे के 7 जिलों में 62 वाहन टकरा गए। इसमें 11वीं की छात्रा सहित 4 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 166 लोग घायल बताए जा रहे हैं। ये सड़क दुर्घटनाएं अलग अलग स्थानों पर हुई हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इन सड़क दुर्घटनाओं को लेकर शोक प्रकट किया है और छात्रों के परिजनों को 2.5 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सड़क वाहन खड़ा करने पर रोक
वहीं, गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर पार्किंग पर रोक लगा दी है। घने कोहरे में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम हो गई है, जिसके कारण रोड या सड़क किनारे खड़ा वाहन दिखाई नहीं देता, जिससे हादसा होने का खतरा बढ़ गया है। ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली बॉर्डर पर खड़े होने वाले ट्रकों को भी हटवाना शुरू कर दिया है।
इन जिलों में छाया कोहरा
हरियाणा में सोमवार को भी हिसार सोनीपत, फतेहाबाद समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया है। कई जिलों में सुबह विजिबिलिटी 10 मीटर तक ही रही। प्रदेश में 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा, लेकिन कोहरे का असर बढ़ने लगा है। राज्य के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया।
चरखी दादरी रहा सबसे गर्म
वहीं, औसत अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की वृद्धि हुई है, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। राज्य में बीते दिन सबसे अधिक तापमान 26.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो चरखी दादरी में रिकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि के साथ यह सामान्य के करीब बना हुआ है। सबसे कम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो गुरुग्राम में रहा।
20 दिसंबर तक शुष्क रहेगा मौसम
सोमवार सुबह हिसार, कैथल, गुरुग्राम, फतेहाबाद, सोनीपत, फरीदाबाद, नूंह, झज्जर समेत अधिकतर जिलों में सुबह से घना कोहरा छाया है। इन जिलों में विजिबिलिटी 5 से 20 मीटर तक है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। 20 दिसंबर तक राज्य का मौसम सामान्यत: शुष्क रहेगा, लेकिन बीच-बीच में बादल और धुंध का असर बना रहेगा।
सरकार ने जारी की एडवाइजरी
वहीं घने कोहरे के कारण होने वाले हादसों को देखते हुए सरकार अलर्ट हो गई है। गाइडलाइन जारी करते हुए सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे इसका आवश्यक रूप से पालन करें। गाइडलाइन में लिखा है कि मौसम की जानकारी को लेकर लोगों को लगातार अपडेट लेते रहना चाहिए। इसके लिए वह रेडियो, टीवी और न्यूज पेपर से जानकारी ले सकते हैं।