मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बाद सभी प्रमुख बांधों से पानी छोड़ना शुरू
Weather Update Today (आज समाज, चंडीगढ़ : मानसून सीजन के दौरान पंजाब में आई भयानक बाढ़ का पानी अभी पूरी तरह से सूखा भी नहीं है कि प्रदेश में एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लग गया है। मौसम विभाग द्वारा पांच से लेकर सात अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश तथा पंजाब में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई इस चेतावनी के बाद एहतियात के तौर पर सभी प्रमुख बांधों से जलस्तर कम करने के लिए बांध प्रबंधन ने पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। जाकि सीधा पंजाब आने लगा है। जिससे एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
इसलिए मौसम होगा खराब
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो चुका है। इस वजह से बारिश का नया अनुमान आया है। इस मौसमी गतिविधि के चलते एक बार फिर से उत्तरी भारत खासकर हिमाचल, पंजाब में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है जबकि हरियाणा में भी अच्छी बारिश की संभावना है।
रणजीत सागर डैम से 35 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा
शनिवार सुबह रणजीत सागर डैम से करीब 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। रणजीत सागर डैम (थीन डैम) रावी नदी पर स्थित है और इससे छोड़ा गया पानी सीधे रावी में बहता है। जिसके चलते पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर और फिरोजपुर जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश कल से 3 दिन तक भारी बारिश की चेतावनी है। ऐसे में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने पौंग डैम से 82 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा है।
इससे ब्यास नदी का जल स्तर बढ़ेगा। इसे देखते हुए इंदौरा-फतेहपुर और पंजाब में ब्यास नदी किनारे रह रहे लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। ब्यास नदी में पानी छोड़े जाने से पंजाब के होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों को नुकसान होता है।
इसलिए खतरा ज्यादा बढ़ गया
पंजाब में बाढ़ का खतरा इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि पिछले दिनों आई बाढ़ से ज्यादात्तर नहरों और दरिया के किनारे टूट चुके हैं। ऐसे में अब यदि ऊपर बांधों से पानी छोड़ा जाता है तो वह क्षतिग्रस्त किनारों के चलते आसानी से उस एरिया में मार करेंगे जहां पर आबादी है। क्योंकि टूटे हुए तटबंधों को ठीक करने के लिए अभी कार्य शुरू नहीं हुए हैं। अब यदि बाढ़ आती है तो फिर से पंजाब के लोगों को मुसिबत में डाल देगी।
ये भी पढ़ें : Amit Shah Chhattisgarh Visit : विकास के मार्ग में रोड़ा बना नक्सलवाद : अमित शाह